भारत
एक घंटा पहले
1
विचारों
भारत मौसम विज्ञान विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर-पश्चिम भारत में 13 तारीख तक बारिश का सिलसिला बना रह सकता है। गरज-चमक, बिजली कड़कने, तेज हवा और ओलावृष्टि का असर खास तौर पर 11 और 12 तारीख को सामने आएगा। पूर्वोत्तर के राज्यों और पश्चिम बंगाल में आने वाले पांच से सात दिनों के भीतर एक-दो स्थानों पर सात से लेकर 20 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की जा सकती है। दक्षिण भारत के राज्यों केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में भी भारी बारिश के आसार जताए गए हैं।
बीते 24 घंटों के दौरान हिमालयी क्षेत्र, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में एक-दो जगहों पर 12 से 20 सेंटीमीटर तक पानी बरसा है। दक्षिण कोंकण, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, अरुणाचल प्रदेश, असम, त्रिपुरा, केरल, लक्षद्वीप और तेलंगाना में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई है। हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और पूर्वी मध्य प्रदेश में एक-दो जगहों पर ओले गिरे हैं। इसके साथ ही देश के कई हिस्सों में गरज के साथ बिजली गिरने और तेज हवा चलने का असर देखा गया।
मानसून कहां तक पहुंचा?
अगले तीन से चार दिनों में मानसून के महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में आगे बढ़ने की संभावना है और इसी दौरान यह तमिलनाडु के बाकी बचे हिस्से को भी अपने दायरे में ले सकता है। साथ ही छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और उड़ीसा के कुछ इलाकों में भी मानसून दस्तक दे सकता है। मानसून के आगे बढ़ने के लिए मौजूदा परिस्थितियां अनुकूल हैं। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से देश के मध्य भाग में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसी कारण उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 24 घंटों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद 11 से 13 तारीख के बीच पारा 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ सकता है और फिर तापमान दोबारा 2 से 4 डिग्री तक चढ़ सकता है।
देश के मध्य भाग में अगले तीन दिन यानी 12 तारीख तक तापमान में खास उतार-चढ़ाव नहीं रहेगा, लेकिन उसके बाद इसमें 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज हो सकती है। पूर्वी भारत में दो दिनों तक तापमान लगभग स्थिर बना रहेगा और इसके बाद 12 से 14 तारीख के बीच पारे में 2 से 4 डिग्री की कमी आ सकती है।
मध्य प्रदेश और बिहार में ऑरेंज अलर्ट
पूर्वी मध्य प्रदेश, झारखंड, उड़ीसा, बिहार, पश्चिम बंगाल, असम और मेघालय के साथ-साथ अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इन सभी इलाकों में मुख्य रूप से गरज के साथ बिजली और तेज हवा का असर रहेगा। असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। भारी बारिश का असर अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, त्रिपुरा, तेलंगाना, कर्नाटक, दक्षिण कोंकण, तटीय कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और लक्षद्वीप में देखने को मिलेगा। कर्नाटक, गोवा और केरल में हवाएं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं।
यूपी और कश्मीर में बना रहेगा लू का प्रकोप
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में लू का असर बना रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के चलते जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में ओले गिरने की आशंका है और इन सभी जगहों पर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान और उत्तर प्रदेश में एक-दो स्थानों पर धूल भरी आंधी चलने का अनुमान है। पूर्वी भारत में तेज हवा के साथ गरज और बिजली का असर देखा जा सकता है।
Comments
0 comment