विश्व
एक घंटा पहले
2
विचारों
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस पहुंच चुके हैं, जहां वह राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ बातचीत के साथ-साथ जी-7 शिखर सम्मेलन में भी शिरकत करेंगे। इस दौरे का मुख्य मकसद दोनों देशों के द्विपक्षीय रिश्तों को और प्रगाढ़ बनाना है, जिसके लिए वह नवाचार पर आधारित कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। फ्रांस और स्लोवाकिया की अपनी पांच दिन की इस यात्रा के पहले चरण में पीएम मोदी नीस पहुंचे हैं।
नीस में गूंजे मोदी-मोदी और भारत माता की जय के नारे
फ्रांस पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का भव्य स्वागत किया गया। हवाई अड्डे से सीधे होटल पहुंचने पर भारतीय समुदाय के लोगों ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया। इस अवसर पर कई सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित हुए। होटल में पहले से जुटे भारतीय मूल के लोग पीएम मोदी को देखते ही मोदी-मोदी और भारत माता की जय के नारे लगाने लगे।
एक-एक भारतीय से मिले प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री मोदी ने वहां मौजूद हर भारतीय से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और उनसे हाथ मिलाया। इस दौरान उन्होंने एक बच्चे को गोद में लेकर दुलार भी किया। फ्रांस पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर भी अपनी प्रतिक्रिया साझा की।
मैक्रों से मुलाकात को लेकर उत्साहित हैं मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि वह फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मिलने को लेकर बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस दौरे से महत्वपूर्ण साझेदार देशों के साथ भारत के संबंध और मजबूत होंगे।
नीस में होगा 'भारत इनोवेट्स' का आयोजन
आज पीएम मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के बीच मुलाकात होगी। इसके साथ ही फ्रांस के नीस में 'भारत इनोवेट्स' कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें उद्योग जगत की प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी। इसके अलावा जी-7 सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के बीच भी मुलाकात होने की संभावना है, जहां दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता हो सकती है।
नीस के साथ एवियन और पेरिस में भी कार्यक्रम
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी ने लिखा, 'नीस पहुंच गया हूं। फ्रांस की इस यात्रा में नीस के अलावा एवियन और पेरिस में भी कार्यक्रम होंगे। इसमें द्विपक्षीय और बहुपक्षीय बैठकें होंगी, जिनका मकसद विकास के अहम साझेदारों के साथ भारत की दोस्ती को और मजबूत करना है।' उन्होंने आगे कहा, 'मैं कल फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों से मिलने और भारत इनोवेट्स कार्यक्रम में शामिल होने का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।'
इन मुद्दों पर होगी चर्चा
अपनी यात्रा के पहले चरण में प्रधानमंत्री रविवार को मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे और 'भारत इनोवेट्स' का उद्घाटन भी करेंगे। इस कार्यक्रम में भारत, फ्रांस और अन्य देशों के उच्च स्तरीय इनोवेशन स्टार्टअप तथा वेंचर कैपिटल फंड एक मंच पर आएंगे। दोनों नेता भारत-फ्रांस द्विपक्षीय संबंधों के हर पहलू की समीक्षा करेंगे, जिन्हें इसी साल की शुरुआत में 'विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी' के स्तर तक पहुंचाया गया था।
Comments
0 comment