उत्तर प्रदेश
एक घंटा पहले
3
विचारों
पीलीभीत: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के भिखारीपुर गांव के बाजार से बीते रविवार को पास के गांव की 8 साल की एक बच्ची लापता हो गई थी। दो दिन की तलाश के बाद मंगलवार को वह पड़ोसी उगनपुर गांव में मिली। बच्ची ने बताया कि वहां एक घर में दूसरे समुदाय के 66 साल के एक बुजुर्ग ने उसके साथ गंदी हरकत की। यह बात सामने आते ही ग्रामीणों और हिंदू संगठन से जुड़े लोगों में भारी रोष फैल गया। पहले गांव में और फिर देर रात सुनगढ़ी थाने पहुंचकर लोगों ने जमकर हंगामा किया।
आरोपी का घर बुलडोजर से जमींदोज
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गांव में दबिश दी और देर रात आरोपी मोहम्मद उमर को गिरफ्तार कर रिपोर्ट दर्ज कर ली। इसके साथ ही आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई। इसी बीच प्रशासन ने भी सख्ती दिखाते हुए आरोपी मोहम्मद उमर के घर पर कार्रवाई की और बुलडोजर चलाकर उसे ढहा दिया।
पिता के साथ बाजार गई थी बच्ची
पीड़िता की मां के अनुसार, उनकी बेटी बीते रविवार को अपने पिता के साथ भिखारीपुर गांव के बाजार गई थी और वहीं से अचानक गायब हो गई। काफी देर तक खोजने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों और रिश्तेदारों ने आसपास के इलाके में तलाश शुरू की, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल पाया।
आरोपी के घर के पास दिखी बच्ची
मंगलवार को दोपहर करीब 3 बजे किसी ने बच्ची को पड़ोसी उगनपुर गांव में लावारिस हालत में घूमते देखा और परिवार को इसकी सूचना दी। परिवार के लोग जब वहां पहुंचे तो बच्ची आरोपी के घर के नजदीक ही मिली और परिजन उसे अपने साथ घर ले आए।
आम के बाग की रखवाली करता था आरोपी
बच्ची के माता-पिता के मुताबिक, बेटी ने बताया कि आरोपी उसे कुछ दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया और खाने के लिए कुछ दिया, जिसके बाद वह बेसुध हो गई। बच्ची ने यह भी बताया कि गांव के एक घर में बुजुर्ग ने उसके साथ बुरा काम किया। बताया जा रहा है कि आरोपी पीड़िता के गांव में ही आम के एक बाग की रखवाली करता था और परिवार के लोग उसे पहले से जानते थे।
घटना से गांव में उबाल
बच्ची के साथ हुई इस वारदात की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। सूचना पर हिंदू संगठन के कार्यकर्ता भी गांव पहुंच गए। काफी देर तक चले हंगामे के बाद ग्रामीण और संगठन के लोग बच्ची को साथ लेकर सुनगढ़ी थाने पहुंचे और पुलिस अधिकारियों को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया।
गांव में तैनात करनी पड़ी पुलिस
मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया और एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया। बच्ची के परिजनों से जानकारी जुटाने के बाद संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई और मंगलवार देर रात आरोपी मोहम्मद उमर को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ करते हुए आगे की कार्रवाई में जुटी है, वहीं बच्ची का मेडिकल कराने की प्रक्रिया भी की जा रही है।
Comments
0 comment