बिहार
एक घंटा पहले
2
विचारों
पटना में खान सर और रौशन आनंद सर के बीच चला आ रहा कोचिंग विवाद अब आपसी अदावत में तब्दील हो चुका है। इसी बीच मामले में एक चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। पुलिस पूछताछ के दौरान फैजल खान के बॉडीगार्ड ने बताया कि गोली चलाने का आदेश खुद खान सर ने दिया था और उन्होंने कहा था—'खड़े क्या हो, गोली चलाओ।'
कदमकुआं थाने में दर्ज एफआईआर की कॉपी में ऐसे कई दावे किए गए हैं, जिन्होंने इस पूरे प्रकरण को और भी संगीन बना दिया है।
एफआईआर में क्या-क्या दर्ज है
प्राथमिकी के अनुसार, वायरल वीडियो में दो निजी सुरक्षा गार्ड हथियार लेकर फायरिंग करते हुए नजर आए। पुलिस ने इनकी पहचान प्रदीप कुमार और तालेवर सिंह के रूप में की है। बताया गया है कि दोनों नोएडा की एक निजी सुरक्षा एजेंसी से जुड़े हैं और खान ग्लोबल स्टडीज में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थे। पुलिस ने दोनों को लाइसेंसी हथियार और कारतूस के साथ हिरासत में लिया है।
एफआईआर में दर्ज पुलिस अधिकारी के बयान के मुताबिक, घटना के समय कुछ लोग कोचिंग संस्थान के बाहर विरोध-प्रदर्शन और हंगामा कर रहे थे। इसी दौरान कथित तौर पर खान सर उर्फ फैजल खान मौके पर पहुंचे और भीड़ की ओर इशारा करते हुए अपने सुरक्षाकर्मियों से कहा, 'खड़े क्या हो, गोली चलाओ।' इसके बाद दोनों गार्डों ने रायफल से हवाई फायरिंग कर दी।
फायरिंग के बाद मची अफरा-तफरी
पुलिस का दावा है कि यह पूरी घटना वायरल वीडियो में रिकॉर्ड हो गई है। एफआईआर में यह भी उल्लेख है कि फायरिंग के बाद इलाके में अफरा-तफरी फैल गई और लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया। पुलिस का आरोप है कि फायरिंग का मकसद भीड़ को डराना और भय का वातावरण पैदा करना था।
हथियार जब्त, फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए
इस मामले में हथियारों को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। दूसरी ओर, खान सर की तरफ से अब तक सार्वजनिक रूप से यह कहा गया है कि सुरक्षा गार्डों ने आत्मरक्षा में गोली चलाई थी। उन्होंने यह भी कहा है कि वे जांच में पुलिस का पूरा सहयोग करेंगे। हालांकि पुलिस ने उनके खिलाफ भी संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।
जल्द हो सकती है फैजल खान की गिरफ्तारी
पुलिस ने खान सर के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। साथ ही पुलिस के कई बड़े अधिकारियों की बैठक भी चल रही है। कहा जा रहा है कि इस बैठक में खान सर की गिरफ्तारी को लेकर चर्चा हो रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी हो सकती है।
गौरतलब है कि फायरिंग के आरोप पहले खुद खान सर ने ही लगाए थे, लेकिन बाद में उनके ये आरोप झूठे साबित हो गए। अब वे खुद ही अपने बुने जाल में फंसते नजर आ रहे हैं।
Comments
0 comment