बिहार
एक घंटा पहले
2
विचारों
गंगा की लहरों पर आजादी का जश्न
इस बार स्वतंत्रता दिवस के मौके पर यदि आप गोवा या मुंबई जाने का विचार कर रहे हैं, तो रुकिए, क्योंकि आपको पटना में ही समुद्र जैसा अनुभव मिलने वाला है। राजधानी पटना के एनआईटी घाट पर खड़ा लेनिन क्रूज इस 15 अगस्त को खास तैयारी के साथ तैयार है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर यहां तिरंगा ऑन द गंगा नाम से एक विशेष आयोजन किया जा रहा है। गंगा नदी की बहती धाराओं के बीच तिरंगे की आन बान और शान को महसूस करते हुए देशभक्ति के गीतों और स्वादिष्ट भोजन के साथ इस बार आजादी का पर्व बेहद यादगार होने वाला है। चूंकि 15 अगस्त शनिवार के दिन पड़ रहा है, इसलिए वीकेंड की छुट्टी का आनंद भी इस क्रूज सफर में दोगुना हो जाएगा।
यात्रा की पूरी रूपरेखा
लेनिन क्रूज के शिप कॉर्डिनेटर स्वराज राज ने बताया कि बिहार के निवासियों के लिए यह पहली बार है जब उन्हें इस तरह का अनूठा उत्सव मनाने का अवसर मिल रहा है। इस कार्यक्रम के लिए समय का खास ध्यान रखा गया है। आगंतुकों को दोपहर 3:00 बजे क्रूज पर रिपोर्टिंग करने के लिए पहुंचना होगा। इसके बाद 3:15 बजे बोर्डिंग की प्रक्रिया पूरी होगी। क्रूज निर्धारित समय 3:30 बजे गंगा की सैर के लिए रवाना होगा। करीब 1 घंटा 30 मिनट तक गंगा की लहरों पर सैर करने के बाद यह क्रूज शाम 5:00 बजे वापस गांधी घाट जेट्टी पर पहुंच जाएगा।
अनलिमिटेड बुफे और लजीज व्यंजनों का आनंद
इस स्पेशल क्रूज पैकेज में आगंतुकों के लिए खाने-पीने की विशेष व्यवस्था की गई है। यहां आपको अनलिमिटेड हाई-टी बुफे का लाभ मिलेगा। मेन्यू में खाने के कई बेहतरीन विकल्प शामिल हैं, जिसमें मसाला ऑरेंज मॉकटेल, स्वीट कॉर्न सूप, चटपटा पाव भाजी, स्पेशल चिली पनीर, स्पेशल बंगाली नूडल्स, विभिन्न प्रकार की मिठाइयां और मिनी सैंडविच शामिल हैं। इतना ही नहीं, सफर के दौरान गरमा-गरम चाय और दूध की भी सुविधा उपलब्ध रहेगी। पूरा सफर संगीत और खानपान के साथ काफी सुखद रहने वाला है।
मनोरंजन और फोटो सेशन
इस पूरे कार्यक्रम को स्वतंत्रता दिवस की थीम पर सजाया गया है। पूरे क्रूज पर देशभक्ति के गानों के साथ डीजे और रिकॉर्डेड म्यूजिक का इंतजाम होगा, जो माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर देगा। फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए यह एक बेहतरीन मौका है, क्योंकि गंगा के बीच से सूर्यास्त का नजारा अद्भुत दिखाई देता है। आप यहां न केवल सुंदर तस्वीरें ले सकते हैं, बल्कि शानदार वीडियो भी शूट कर सकते हैं। यह पैकेज परिवार के साथ समय बिताने, दोस्तों के साथ पार्टी करने या किसी कपल के लिए एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है।
बुकिंग और शुल्क की जानकारी
इस विशेष क्रूज सेलिब्रेशन का प्रति व्यक्ति शुल्क 899 रुपये निर्धारित किया गया है। इस शुल्क में डेढ़ घंटे की गंगा क्रूज राइड, अनलिमिटेड हाई-टी बुफे, स्वतंत्रता दिवस थीम सेलिब्रेशन और मनोरंजन के सभी साधन शामिल हैं। यदि कोई इस विशेष पैकेज को नहीं चुनना चाहता है, तो वे शाम 5 बजे के बाद सामान्य राइड वाला विकल्प ले सकते हैं, जिसका शुल्क 250 रुपये प्रति व्यक्ति है, लेकिन उसमें भोजन का खर्च अलग से देना होगा।
बोर्डिंग की सुविधा गांधी घाट यानी एनआईटी पटना के पास उपलब्ध है। चूंकि सीटों की संख्या सीमित है, इसलिए आयोजकों ने पहले से बुकिंग कराने का सुझाव दिया है। इच्छुक लोग ऑनलाइन बुकिंग के लिए बुक माय शो का उपयोग कर सकते हैं। अधिक जानकारी या किसी भी तरह की पूछताछ के लिए आप 9330014000 और 9330482226 नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
Comments
0 comment