गुजरात
47 मिनट पहले
6
विचारों
सूरत के कपड़ा गोदाम में भड़की भीषण आग
गुजरात के सूरत शहर से आगजनी की एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां सचिन इलाके में स्थित उन पाटिया क्षेत्र में खुले में रखे वेस्टेज कपड़ों के एक बड़े गोदाम में अचानक आग लग गई। कपड़ों का भारी स्टॉक होने की वजह से लपटें देखते ही देखते तेजी से फैल गईं और पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। आग की विकरालता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आसमान में दूर-दूर तक काले धुएं का घना गुबार नजर आ रहा था। घटना के बाद आसपास के इलाकों और वहां काम करने वाले मजदूरों में डर का माहौल पैदा हो गया।
6 फायर स्टेशनों से भेजी गईं दमकल की गाड़ियां
घटना की जानकारी मिलते ही अग्निशमन विभाग में हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शहर के 6 अलग-अलग फायर स्टेशनों से तुरंत करीब 9 दमकल गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया। दमकल की टीमों ने घटनास्थल पर पहुंचकर युद्धस्तर पर पानी की बौछारें मारना शुरू कर दिया। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों की पहली प्राथमिकता आग को आसपास के अन्य व्यावसायिक और आवासीय परिसरों में फैलने से रोकना है।
50 से 60 दमकलकर्मी और JCB मशीनें राहत कार्य में लगीं
मामले की जानकारी देते हुए सब-फायर ऑफिसर विजय सोलंकी ने बताया कि आग बुझाने का अभियान लगातार जारी है। वर्तमान में मौके पर 10 से 12 फायर टेंडर मुस्तैद हैं। इसके अलावा आग पर जल्द से जल्द काबू पाने के लिए 50 से 60 कर्मी लगातार मशक्कत कर रहे हैं। गोदाम का क्षेत्रफल काफी बड़ा होने के कारण मलबे को हटाने और आग की तह तक पानी पहुंचाने के लिए दो JCB भी मंगवाई गई हैं, जो राहत कार्य में जुटी हुई हैं।
कोई हताहत नहीं, जांच में जुटी पुलिस
राहत की बात यह है कि सूरत के इस हादसे में फिलहाल किसी भी व्यक्ति के हताहत होने या झुलसने की खबर नहीं आई है। हालांकि गोदाम में रखा लाखों रुपये का वेस्टेज कपड़ा जलकर पूरी तरह से खाक होने की आशंका जताई जा रही है। आग किस वजह से लगी, इसके सटीक कारणों का पता अभी तक नहीं चल सका है। स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की संयुक्त टीम घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।
अहमदाबाद-बावला रोड पर दूसरी घटना में एक की मौत
इसके अलावा, राज्य में आगजनी की एक अन्य दर्दनाक घटना 7 नवंबर को सामने आई थी। बावला-अहमदाबाद रोड स्थित लीमैक कंपनी के प्लांट में अचानक आग लग गई थी, जिसमें एक व्यक्ति की जान चली गई। अधिकारियों के अनुसार यह आग प्लांट की तीसरी मंजिल पर भड़की थी, जहां मुख्य रूप से चॉकलेट बनाने का काम संचालित होता था। हादसे की सूचना पर साणंद, बावला और अहमदाबाद से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची थीं और करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया गया था।
Comments
0 comment