'पंचायत' के प्रधान जी रघुवीर यादव का ऑस्कर पर बड़ा बयान, बोले- '8 ऑस्कर नामिनेशन से खुश नहीं होना, इसे 16 करना है' मनोरंजन 2 घंटे पहले 2
'पंचायत' के 'प्रधान जी' रघुवीर यादव ने आर्यमन गौतम के डिजिटल शो 'नथिंग सीरियस' में ऑस्कर रिकॉर्ड, मनोज वाजपेयी के NSD रिजेक्शन के दौर और 'पंचायत' के अगले सीजन को लेकर कई दिलचस्प खुलासे किए।

अक्षय कुमार की आने वाली फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' की स्टार कास्ट और मुश्ताक खान के बयानों की चर्चा के बीच अब बॉलीवुड के एक और बेहद अनुभवी और जमीन से जुड़े कलाकार ने कई दिलचस्प बातें साझा की हैं। इंडिया टीवी के खास डिजिटल टॉक शो 'नथिंग सीरियस' के पांचवें एपिसोड में होस्ट और प्रोड्यूसर आर्यमन गौतम के सामने 'पंचायत' वेब सीरीज के चहेते 'प्रधान जी' यानी दिग्गज अभिनेता रघुवीर यादव और अभिनेता शरद सिंह बतौर मेहमान पहुंचे। इस बातचीत में हंसी-मजाक के साथ-साथ सिनेमा, संघर्ष और ऑस्कर को लेकर ऐसी गहरी बातें हुईं, जिन्होंने दर्शकों का दिल जीत लिया।

'8 की 16 करना है'

जब आर्यमन गौतम ने रघुवीर यादव के शानदार करियर और ऑस्कर से जुड़े उनके रिकॉर्ड का जिक्र किया, तो प्रधान जी ने एक बेहद गंभीर और सोचने पर मजबूर करने वाली बात कही। दरअसल, रघुवीर यादव भारत के अकेले ऐसे अभिनेता हैं जिनकी 'सलाम बॉम्बे', 'लगान' और 'न्यूटन' समेत कुल 8 फिल्में ऑस्कर के ऑफिशियल सबमिशन तक पहुंच चुकी हैं।

इस उपलब्धि पर रघुवीर यादव ने कहा, "यह ऐसा लगता है कि आपके ऊपर एक बड़ी जिम्मेदारी रख दी गई है कि भैया जो भी करना है, सोच-समझ कर करो। इसलिए बहुत खुश होने वाली बात नहीं है कि 8 फिल्में ऑस्कर की तरफ चली गईं। हमें 8 की 16 करना है! अगर आप इसी में खुश होकर बैठ गए, तो समझो वहीं डूब गए।"

मनोज वाजपेयी के रिजेक्शन के दिनों में दिया था साथ

जब आर्यमन गौतम ने रघुवीर यादव से उनके पुराने दिनों और नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) के दौर के बारे में पूछा, तो बातचीत दिग्गज अभिनेता मनोज वाजपेयी की ओर मुड़ गई। दोनों कलाकारों ने फिल्म 'बैंडिट क्वीन' में साथ काम किया था। मनोज वाजपेयी के संघर्ष के दिनों को याद करते हुए रघुवीर यादव ने एक भावुक किस्सा साझा किया।

रघुवीर यादव ने बताया, "मैं मनोज वाजपेयी को आज से नहीं, बल्कि बहुत पहले से जानता हूँ जब NSD (नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा) में उनका लगातार तीन साल तक एडमिशन नहीं हुआ था। एडमिशन न होने की वजह से वह काफी हताश, निराश और परेशान होकर बैठे थे। तब मैंने उनसे कहा था कि चलो मेरे साथ काम करो।"

उन्होंने आगे बताया कि बैरी जॉन के निर्देशन में बने नाटक 'बगदाद का गुलाम' (1987) में उन्होंने मनोज वाजपेयी को अपने साथ जोड़ा। दिलचस्प बात यह है कि उसी नाटक में शाहरुख खान भी शामिल थे। रघुवीर यादव ने मनोज की तारीफ करते हुए कहा कि वह बेहद मेहनती कलाकार हैं और हमेशा खुद में सुधार करते रहते हैं, यही वजह है कि वह आज इस मुकाम पर हैं।

क्या प्रह्लाद चा बनेंगे विधायक?

'नथिंग सीरियस' की इस बातचीत में जब दर्शकों के मन के सवाल सामने आए, तो 'पंचायत' वेब सीरीज के अगले सीजन और उसके किरदारों पर भी खूब चर्चा हुई। फैंस यह जानने के लिए उत्सुक दिखे कि क्या दर्शकों के चहेते किरदार 'प्रह्लाद चा' (फैजल मलिक) सचमुच अगले सीजन में विधायक का चुनाव लड़ने वाले हैं।

इस सवाल पर मजेदार अंदाज में सस्पेंस बनाए रखते हुए रघुवीर यादव ने कहा, "यह बात मैं अभी क्यों बताऊँ? अगर अभी बता दिया तो प्रह्लाद चा फैल जाएंगे। अगर कहूँगा कि जीत जाओगे तब भी फैल जाएंगे और कहूगा कि हार जाओगे तब भी फैल जाएंगे।"

अगले सीजन की रिलीज को लेकर उन्होंने साफ किया कि अभी आधी शूटिंग पूरी हुई है और आधी बाकी है, जिसके बाद एडिटिंग और पोस्ट-प्रोडक्शन में थोड़ा समय लगेगा। इसलिए फैंस को अभी थोड़ा और इंतजार करना होगा। शो के अंत में आर्यमन ने प्रधान जी को शो की सिग्नेचर स्टाइल में एक 'लौकी' भी भेंट की, जिसे देखकर सेट पर ठहाके गूंज उठे।

चेतन शुक्ला
Official Verified Account

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!