हरियाणा
एक घंटा पहले
2
विचारों
रफ्तार का खौफनाक मंजर
हरियाणा के नूंह जिले में बुधवार देर शाम रफ्तार का एक ऐसा खौफनाक चेहरा सामने आया जिसने हर किसी को दहला दिया है। नूंह रोड स्थित छारोड़ा गांव के बस स्टैंड के पास एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार ने सड़क पर जमकर कोहराम मचाया। इस भीषण सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सड़क पर चल रहे कई अन्य वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर मलबे में तब्दील हो गए।
10 फीट हवा में उछला और 40 फीट दूर जा गिरा
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार कार का ड्राइवर नियंत्रण खो चुका था। कार ने सड़क पर चल रही एक पिकअप गाड़ी, एक मोटरसाइकिल और एक अन्य कार को जोरदार टक्कर मारी। इसके बाद बेकाबू कार सड़क के किनारे खड़े एक युवक की ओर लपकी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक लगभग 10 फीट तक हवा में उछल गया और सड़क से करीब 40 फीट की दूरी पर जाकर गिरा। युवक को रौंदने के बाद कार सीधे एक टाइल शोरूम के अंदर जा घुसी, जिससे शोरूम के बाहर खड़े कई अन्य वाहन भी चकनाचूर हो गए।
जीजा के साथ आया था टाइल खरीदने
मृतक की पहचान 37 वर्षीय कपिल के रूप में हुई है, जो बहरामपुर का रहने वाला था। कपिल अपने जीजा प्रदीप के साथ गुरुग्राम के सेक्टर-59 में बन रहे अपने नए मकान के लिए टाइल्स लेने छारोड़ा के शोरूम पर पहुंचा था। टाइल शोरूम के बाहर खड़ा कपिल इस बात से बेखबर था कि चंद मिनटों में उसकी जिंदगी खत्म होने वाली है। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को शहीद हसन खान मेवाती राजकीय मेडिकल कॉलेज, नल्हड़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने कपिल को मृत घोषित कर दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
कपिल मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का पेट पालता था। उसकी असामयिक मौत ने उसके परिवार की दुनिया उजाड़ दी है। उसके परिवार में पत्नी और तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिनका अब कोई सहारा नहीं बचा है। शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में यह दर्दनाक मंशा रिकॉर्ड हो गई है। वायरल हो रहे फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कैसे बेकाबू कार ने पलक झपकते ही कहर बरपा दिया।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना की जानकारी मिलते ही तावडू सदर थाना प्रभारी राजेश कुमार अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सबसे पहले घायलों को अस्पताल पहुंचाया और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर सड़क पर यातायात को दोबारा सुचारू करवाया। थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि कार का चालक भी मामूली रूप से घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने कार को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अभी तक की पड़ताल में हादसे का मुख्य कारण कार की अत्यधिक रफ्तार और चालक का नियंत्रण खो देना बताया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की गहराई से जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। गौरतलब है कि इससे ठीक एक दिन पहले हरियाणा के कैथल में भी एक हृदयविदारक घटना सामने आई थी, जहां एक युवक ने चलती कार में वीडियो बनाते हुए आत्महत्या कर ली थी और अपनी मौत के लिए तीन लोगों को जिम्मेदार ठहराया था।
Comments
0 comment