नैनीताल डाक विभाग की अनोखी पहल: अब घर बैठे बुक होगा आधार अपॉइंटमेंट, मिलेगी कतारों से मुक्ति उत्तराखंड एक घंटा पहले 2
नैनीताल डाक मंडल ने देश में पहली बार 'अग्रिम आधार आरक्षण' (AAP) मोबाइल ऐप लॉन्च किया है, जिससे लोग घर बैठे ही आधार बनवाने या अपडेट कराने के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक कर सकेंगे। इससे केंद्रों पर लगने वाली लंबी कतारों से राहत मिलेगी।

डिजिटल इंडिया की दिशा में एक और अहम कदम बढ़ाते हुए डाक विभाग के नैनीताल मंडल ने आधार सेवाओं को आम लोगों के लिए कहीं अधिक सहज बना दिया है। अब आधार कार्ड बनवाने या उसमें किसी तरह का बदलाव कराने के लिए लोगों को घंटों लंबी कतारों में खड़े रहने की आवश्यकता नहीं रहेगी। खास बात यह है कि नैनीताल से देश में पहली बार डाक विभाग की ओर से एक ऐसा स्मार्ट मोबाइल ऐप पेश किया गया है, जिसकी मदद से उपभोक्ता घर बैठे ही आधार अपॉइंटमेंट बुक कर सकेंगे। इस एप्लिकेशन का नाम 'अग्रिम आधार आरक्षण' (AAP) रखा गया है।

बीते मंगलवार को डाक विभाग के मुख्यालय नैनीताल में आयोजित एक कार्यक्रम में इस मोबाइल ऐप का औपचारिक शुभारंभ किया गया।

क्या है इस पहल का मकसद

प्रवर अधीक्षक डाकघर नैनीताल मंडल अमित दत्त ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य आधार सेवाओं को अधिक सरल, समयबद्ध और जनसुलभ बनाना है। उन्होंने कहा कि अक्सर लोगों को आधार केंद्रों पर घंटों इंतजार करना पड़ता है और भीड़ अधिक होने की स्थिति में उन्हें बार-बार केंद्रों के चक्कर काटने पड़ते हैं। नई व्यवस्था इन्हीं दिक्कतों का कारगर हल साबित होगी।

अब नहीं लगानी होगी लंबी लाइन

इस ऐप के जरिए नया आधार बनवाने या आधार में नाम, पता, मोबाइल नंबर तथा अन्य जानकारियों को अपडेट कराने के इच्छुक लोग अपनी सुविधा के मुताबिक तारीख और समय चुन सकेंगे। तय स्लॉट बुक करने के बाद उन्हें निर्धारित समय पर आधार केंद्र पहुंचना होगा, जहां बिना किसी अनावश्यक प्रतीक्षा के उनका काम पूरा कर दिया जाएगा। इससे जहां उपभोक्ताओं का समय बचेगा, वहीं केंद्रों पर उमड़ने वाली भीड़ पर भी नियंत्रण रखा जा सकेगा।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार इस व्यवस्था का सबसे अधिक फायदा दूरदराज के ग्रामीण इलाकों से आने वाले लोगों को होगा। अब उन्हें सुबह से कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार नहीं करना पड़ेगा, बल्कि वे पहले से अपॉइंटमेंट लेकर तय समय पर केंद्र पहुंचकर आसानी से अपना काम करा सकेंगे।

नैनीताल मंडल में 26 केंद्रों पर सुविधा

अमित दत्त ने बताया कि फिलहाल नैनीताल मंडल के अंतर्गत डाक विभाग के 26 केंद्रों पर आधार से जुड़ी सेवाएं दी जा रही हैं। पिछले वर्ष विभाग ने करीब 75 हजार आधार ट्रांजेक्शन किए थे, जिनसे लगभग 50 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। वहीं वर्ष 2026 में भी अब तक विभाग करीब 16 लाख रुपये की आय अर्जित कर चुका है। ये आंकड़े बताते हैं कि लोगों के बीच आधार सेवाओं की मांग निरंतर बढ़ रही है।

उन्होंने यह भी बताया कि आम जनता की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए विभागीय अधिकारियों इंद्र कुमार दास और शशि शेखर ने इस मोबाइल ऐप को विकसित किया है। ऐप में उपभोक्ता नया आधार बनवाने या उसमें अपडेट से संबंधित जरूरी जानकारी पहले ही दर्ज कर सकेंगे और इसके बाद अपनी सुविधा के अनुसार स्लॉट व समय चुनकर अपॉइंटमेंट बुक कर पाएंगे।

सफल रहा तो पूरे देश में होगा लागू

डाक विभाग के मुताबिक इस एप्लिकेशन को प्ले स्टोर पर अपलोड करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और बुधवार से यह आम जनता के लिए उपलब्ध हो गई। अभी इस सुविधा की शुरुआत नैनीताल जनपद में की गई है। यदि यह प्रयोग सफल रहता है, तो आगे चलकर इसे देशभर में लागू करने की दिशा में कदम बढ़ाए जाएंगे।

डिजिटल तकनीक के सहारे नागरिक सेवाओं को सुगम बनाने की दिशा में डाक विभाग की इस पहल को एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे न केवल लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि सरकारी सेवाओं में पारदर्शिता और दक्षता भी बढ़ेगी। नैनीताल से शुरू हुई यह कोशिश आने वाले समय में पूरे देश के लिए एक मिसाल बन सकती है।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!