उत्तराखंड
2 दिन पहले
8
विचारों
उत्तराखंड के नैनीताल में स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा नीम करौली के कैंची धाम में 15 जून को स्थापना दिवस महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। इस मौके पर हर साल की तरह इस बार भी देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस और कैंची धाम ट्रस्ट ने संयुक्त रूप से व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है, और तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं।
इस बार खास बात यह है कि मेले की व्यवस्था में पूर्व सैनिकों की टीम भी अहम भूमिका निभाएगी। अपने अनुशासन और सेवा भाव के साथ ये पूर्व सैनिक श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहयोग देंगे।
पूर्व सैनिकों और स्वयंसेवकों की रहेगी तैनाती
मंदिर ट्रस्ट से मिली जानकारी के अनुसार, 15 जून को होने वाले स्थापना दिवस महोत्सव के दौरान धाम में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। ऐसे में श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन कराने और किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचने के लिए विशेष रणनीति बनाई गई है। मंदिर परिसर से लेकर आसपास के इलाकों तक सुरक्षा को मजबूत किया जा रहा है। दर्शन की कतारों को व्यवस्थित रखने, श्रद्धालुओं को सही दिशा-निर्देश देने और जरूरी सहायता मुहैया कराने के लिए पूर्व सैनिकों तथा स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी।
यातायात और आपातकालीन सेवाओं की पुख्ता योजना
कैंची धाम ट्रस्ट के सचिव आलोक चोपड़ा ने बताया कि प्रशासन ने यातायात प्रबंधन को लेकर भी व्यापक योजना तैयार की है। इसमें पार्किंग स्थलों का निर्धारण, वाहनों की आवाजाही के लिए वैकल्पिक मार्ग, भीड़ नियंत्रण के उपाय और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। इसके साथ ही पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं और अग्निशमन दल की तैनाती को लेकर भी विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलग-अलग स्थानों पर सहायता केंद्र बनाए जाएंगे, जहां उन्हें जरूरी जानकारी और मार्गदर्शन दिया जाएगा।
हर श्रद्धालु को बिना परेशानी दर्शन कराने की कोशिश
आलोक चोपड़ा ने बताया कि स्थापना दिवस पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए ऐसी व्यवस्था की जा रही है, जिससे हर भक्त बिना किसी परेशानी के बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन कर सके। उन्होंने कहा कि दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं को लगातार गाइड किया जाएगा, ताकि कहीं भी अनावश्यक रुकावट या भीड़भाड़ की स्थिति न बने। मंदिर प्रशासन, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें विभिन्न स्थानों पर तैनात रहकर लगातार निगरानी रखेंगी।
गर्मी को देखते हुए पेयजल का विशेष इंतजाम
ट्रस्ट के सचिव ने बताया कि श्रद्धालुओं को विभिन्न प्रकार की जानकारी देने के लिए सहायता केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। साथ ही गर्मी को ध्यान में रखते हुए पेयजल की विशेष व्यवस्था की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग की टीम भी तैनात रहेगी, ताकि किसी भी घटना पर तुरंत काबू पाया जा सके। स्थापना दिवस से पहले ही धाम में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने लगी है और दूर-दराज के राज्यों से आ रहे भक्त बाबा के दर्शन कर आध्यात्मिक शांति का अनुभव कर रहे हैं।
विशाल प्रसाद वितरण का होता है आयोजन
मुरादाबाद से पहली बार कैंची धाम पहुंचीं श्रद्धालु खुशी गुप्ता ने बताया कि यहां आकर उन्हें अद्भुत शांति का अनुभव हुआ है और भविष्य में भी वह दोबारा दर्शन के लिए जरूर आएंगी। उन्होंने बताया कि स्थापना दिवस पर विशाल प्रसाद वितरण का आयोजन भी होता है, जिसका श्रद्धालुओं को बेसब्री से इंतजार रहता है।
मुरादाबाद से ही आए श्रद्धालु सुलभ अग्रवाल ने कहा कि बाबा नीम करौली महाराज के प्रति उनकी गहरी आस्था है। उनका मानना है कि कैंची धाम आने वाले भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं और स्थापना दिवस पर वह एक बार फिर बाबा के दर्शन के लिए पहुंचेंगे। श्रद्धालुओं ने धाम परिसर के सामने बने मेडिटेशन सेंटर की भी सराहना की, जहां लोग शांत वातावरण में बैठकर ध्यान और आध्यात्मिक साधना कर रहे हैं।
Comments
0 comment