सपा सांसद जावेद अली का विवादित बयान, बहुसंख्यक समाज को बताया 'जहरीला', भाजपा पर फोड़ा ठीकरा उत्तर प्रदेश एक महीने पहले 30
समाजवादी पार्टी के सांसद जावेद अली ने कहा कि भाजपा के फैलाए गए जहर के कारण बहुसंख्यक समाज जहरीला हो गया है और धर्म के आधार पर आपसी भरोसा टूट चुका है। इस बयान पर भाजपा, एआईएमआईएम और हिंदू महासभा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।

उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के नेताओं के विवादित बयानों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। इसी कड़ी में अब पार्टी के सांसद जावेद अली ने एक बड़ा बयान देकर नई सियासी बहस छेड़ दी है। उन्होंने बहुसंख्यक समाज को लेकर तीखी टिप्पणी की और इसके लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया।

संभल में मजबूत आधार, हिंदू बहुल इलाकों में पहुंचने की बात

सांसद जावेद अली ने कहा, “संभल जैसी जगहों पर हमें लोगों को अपनी बात समझाने में ज़्यादा मुश्किल नहीं होती, क्योंकि मुलायम सिंह यादव के समय से ही समाजवादी पार्टी का वहां मज़बूत समर्थन आधार रहा है। हालांकि, हम उन इलाकों में भी पहुंचेंगे जहां अल्पसंख्यक और मुस्लिम आबादी कम है और जहां हिंदू बहुसंख्या ज़्यादा है।”

उन्होंने आगे कहा, “हमारा मानना है कि भाजपा के फैलाए गए नैरेटिव से बहुत से लोग प्रभावित हुए हैं। मैं कोई आरोप नहीं लगा रहा, लेकिन मुझे लगता है कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश और पूरे देश में ऐसा माहौल बनाया है जिससे लोगों के बीच जो आपसी भरोसा कभी था, वह कमज़ोर हुआ है।”

'बहुसंख्यक समाज काफी हद तक जहरीला हो गया'

इसके अलावा सांसद ने कहा कि भाजपा द्वारा फैलाए गए जहर के चलते बहुसंख्यक लोग जहरीले हो गए हैं और अब बहुसंख्यक निगलने लगा है। उन्होंने कहा कि जहां अल्पसंख्यक कम हैं, वहां कार्यकर्ताओं को स्थिति समझनी पड़ेगी। उनके मुताबिक बहुसंख्यक समाज काफी हद तक जहरीला हो गया है और धर्म के आधार पर आपसी विश्वास टूट गया है।

एआईएमआईएम और भाजपा का पलटवार

सपा सांसद के इस बयान के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। एआईएमआईएम के शादाब चौहान ने कहा कि सपा इस समय बौखलाहट में मूल मुद्दों पर बात करने के बजाय इस तरह के बयान दे रही है, क्योंकि उसके पास मुस्लिम के अलावा कोई वोट बैंक ही नहीं है।

वहीं भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि तुष्टीकरण के लिए और आने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए आने वाले दिनों में समाजवादी पार्टी की ओर से ऐसे और बयान सामने आएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा मुसलमानों को डराएगी और बहुसंख्यकों को हमेशा दुश्मन की तरह पेश करेगी, यही उसकी रणनीति है, जबकि भाजपा विकास के मुद्दे पर ही चर्चा करेगी।

हिंदू महासभा का तीखा जवाब

अखिल भारत हिंदू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शिशिर चतुर्वेदी ने इस बयान पर पलटवार करते हुए कहा, “पार्टी के नेता सांसद जावेद अली जी कहते हैं कि हिंदू जहरीला हो गया है। हिंदू जहरीला नहीं हुआ है, बल्कि हिंदू ने देखा है कि किस प्रकार कश्मीर में हिंदुओं को लूटा गया, किस प्रकार बंगाल में हिंदुओं की बहन-बेटियों के साथ बलात्कार हुआ, उनकी संपत्तियां लूटी गईं और घरों को जलाया गया।”

उन्होंने आगे कहा, “हिंदू ने देखा कि केरल में किस प्रकार लव जिहाद फैलाया गया, हिंदू ने भोपाल का प्रकरण देखा, ब्लैकमेलिंग का प्रकरण देखा, अजमेर दरगाह से जुड़ा प्रकरण और वीडियो देखा। थूक जिहाद, लव जिहाद, जमीन जिहाद— आखिर हिंदू कितना जहर झेलेगा? और फिर तुम कहते हो कि हम जहरीले हैं, हम हिंदू झूठे हैं।”

चेतन तिवारी पाबना के उत्तर प्रदेश संवाददाता हैं और राज्य की राजनीति, प्रशासन तथा जमीनी मुद्दों को कवर करते हैं। लखनऊ में रहते हुए वे जिलों से लेकर विधानसभा तक की खबरें संतुलित रिपोर्टिंग के साथ पाठकों तक पहुंचाते हैं। आम लोगों के मुद्दों और स्थानीय घटनाओं पर उनका खास फोकस रहता है।

आपकी प्रतिक्रिया?

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!

फेसबुक वार्तालाप