राजस्थान
2 घंटे पहले
3
विचारों
भरतपुर जिले के मथुरा गेट थाना क्षेत्र में सोमवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। लुपिन चौराहे के पास स्थित एक जूस की दुकान पर मांस का टुकड़ा मिलने की अफवाह तेजी से फैल गई, जिसके बाद इलाके का माहौल अचानक गरमा गया। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग वहां जमा हो गए और हंगामा खड़ा हो गया। हालात बेकाबू होते देख पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा। इसी बीच गुस्साई भीड़ ने दुकान संचालक और उसके समर्थन में आए एक युवक की पिटाई कर दी। पुलिस ने भारी मशक्कत के बाद एक युवक को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। घटना के बाद एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद
मिली जानकारी के मुताबिक एक युवक जूस पीने के लिए दुकान पर पहुंचा था। जूस पीते समय गिलास में उसे एक ऐसा टुकड़ा दिखाई दिया, जो जूस में घुल नहीं रहा था। युवक ने इस बारे में दुकान संचालक से पूछताछ की, लेकिन उसे संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद युवक ने उस टुकड़े को मांस का बताते हुए विरोध जताया। देखते ही देखते बात फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए। आरोप है कि इसी दौरान दुकान पर जमकर हंगामा हुआ और दुकान संचालक के साथ मारपीट की गई। भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने दुकान में तोड़फोड़ भी की। बिगड़ते हालात की खबर पाकर मथुरा गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में भी विवाद थमता नजर नहीं आया।
संदिग्ध पदार्थ के नमूने जांच को भेजे
बजरंग दल के जिला संयोजक शुभम सैंथरा ने आरोप लगाया कि संबंधित दुकान पर कोई नाम नहीं लिखा हुआ था और इस बारे में पहले भी आपत्ति जताई जा चुकी थी। उनका कहना है कि मौके पर जूस पी रहे एक व्यक्ति को संदिग्ध टुकड़ा मिला, जिसके बाद यह विवाद भड़क उठा। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव, सीओ सिटी आशिमा वासवानी, मथुरा गेट थाना प्रभारी हरलाल मीणा और कोतवाली थाना प्रभारी सहित आरएसी तथा अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। इसके बाद एफएसएल टीम को बुलाकर संदिग्ध पदार्थ के नमूने जांच के लिए भेजे गए।
मथुरा गेट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि बरामद पदार्थ आखिर क्या था, यह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
Comments
0 comment