मॉनसून सत्र से पहले शिंदे की शिवसेना में आएंगे 7 सांसद, पूर्व सांसद का दावा- जल्द दिखेगा 'ऑपरेशन टाइगर' महाराष्ट्र एक महीने पहले 46
शिवसेना (शिंदे) नेता और पूर्व सांसद-विधायक कृपालु माने का दावा है कि उद्धव ठाकरे की पार्टी के 7 लोकसभा सांसद मॉनसून सत्र से पहले एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो जाएंगे और जल्द ही 'ऑपरेशन टाइगर' सामने आएगा।

महाराष्ट्र की सियासत में इन दिनों इस बात की चर्चा गर्म है कि उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना (यूबीटी) के 7 लोकसभा सांसद एकनाथ शिंदे की शिवसेना का दामन थाम सकते हैं। इन्हीं अटकलों के बीच शिवसेना (शिंदे) के नेता तथा पूर्व सांसद एवं विधायक कृपालु माने ने एक बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि मॉनसून सत्र शुरू होने से पहले ही ये 7 सांसद एकनाथ शिंदे की पार्टी में शामिल हो जाएंगे। माने के मुताबिक लोगों को बहुत जल्द 'ऑपरेशन टाइगर' देखने को मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि सांसदों के बाद राज्य में विधायकों को लेकर भी 'ऑपरेशन टाइगर' चलेगा और फिलहाल 16 विधायक एकनाथ शिंदे के संपर्क में हैं।

जल्द होगा 'ऑपरेशन टाइगर'

कृपालु माने ने कहा, "शिवसेना शिंदे का ऑपरेशन टाइगर लोगों को जल्द ही दिखाई देगा। जिस तरह किसी ऑपरेशन से पहले पूरी जांच की जाती है, ठीक उसी तरह ऑपरेशन टाइगर से पहले सारी जांच-पड़ताल की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और बहुत जल्द यह ऑपरेशन हो जाएगा। इसके मुख्य डॉक्टर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री डॉक्टर एकनाथ शिंदे जी हैं। उद्धव ठाकरे ने कल जो बैठक बुलाई थी, उसमें पांच सांसद नदारद रहे। जो दो सांसद वहां मौजूद थे, वे भी शिंदे जी के संपर्क में हैं।"

कब बदलेंगे सांसद अपना पाला?

विधायक कृपालु माने ने आगे कहा, "उद्धव ठाकरे की पार्टी के 7 सांसद हमारे संपर्क में हैं। उन सभी से बातचीत हो चुकी है और मॉनसून सत्र से पहले इन तमाम सांसदों का दिल्ली में शिवसेना शिंदे में प्रवेश सफलतापूर्वक हो जाएगा। हर सांसद और विधायक चाहता है कि उसके क्षेत्र में विकास हो और एकनाथ शिंदे की पार्टी विकास की राह पर चल रही है। शिवसेना के विधायकों और सांसदों के कार्यक्षेत्र में विकास हो रहा है, यही वजह है कि 7 सांसदों के साथ-साथ 16 विधायकों ने भी शिवसेना में शामिल होने की इच्छा जताई है।"

16 विधायक भी संपर्क में

माने का दावा है कि उद्धव ठाकरे की पार्टी के 20 में से 16 विधायक भी उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के संपर्क में हैं। उनके अनुसार, "इन 16 विधायकों का प्रवेश महाराष्ट्र के मॉनसून सत्र के बाद शिवसेना शिंदे की पार्टी में होगा। 7 सांसदों का प्रवेश तय है और इसके बाद जल्द ही इन 16 विधायकों का भी प्रवेश शिवसेना शिंदे में होगा।"

उन्होंने यह भी कहा, "फिलहाल 7 सांसद हमारे संपर्क में हैं। 2 सांसद ऐसे हैं जिनकी अभी इच्छा नहीं है। हो सकता है कि आने वाले समय में उन दोनों सांसदों का भी मन बदल जाए। ये तमाम सांसद और विधायक खुद शिंदे जी के संपर्क में आए हैं और अपना भविष्य तलाश रहे हैं।"

अंजलि सिंह पाबना की राज्य संवाददाता हैं, जो विभिन्न राज्यों की क्षेत्रीय खबरें और खानपान कवर करती हैं। स्थानीय घटनाओं, संस्कृति और जायके की कहानियों को वे करीब से रिपोर्ट करती हैं। अलग-अलग राज्यों की विविधता उनकी रिपोर्टिंग में नजर आती है।

आपकी प्रतिक्रिया?

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!

फेसबुक वार्तालाप