'संजय राउत ने उद्धव ठाकरे की पार्टी को मिटाने की ठान ली है', केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव का तीखा हमला महाराष्ट्र एक घंटा पहले 3
महाराष्ट्र में 'ऑपरेशन टाइगर' की चर्चाओं के बीच केंद्रीय राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत पर निशाना साधा और कहा कि राउत ने उद्धव ठाकरे की पार्टी को खत्म करने की ठान ली है।

महाराष्ट्र की सियासत में इन दिनों 'ऑपरेशन टाइगर' को लेकर सरगर्मी बढ़ी हुई है। शिंदे गुट की ओर से आ रही खबरें उद्धव ठाकरे की चिंता बढ़ा सकती हैं। सूत्रों की मानें तो शिंदे गुट ने उद्धव की पार्टी के सांसदों में सेंध लगाने के लिए जरूरी दो तिहाई बहुमत का इंतजाम कर लिया है। यानी उद्धव गुट के 9 में से 7 सांसदों को अपने पाले में लाने की पूरी रूपरेखा तैयार हो चुकी है। राज्य में चल रही इन सियासी अटकलों के बीच केंद्रीय राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत पर जोरदार हमला बोला है। जाधव ने कहा है कि संजय राउत ने उद्धव ठाकरे की पार्टी को खत्म करने की ठान ली है।

क्या बोले प्रतापराव जाधव?

बुलढाणा में मीडिया से बातचीत के दौरान जाधव ने दावा किया कि उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) के कई सांसद और विधायक नाराजगी की हालत में हैं। उनका कहना था कि उद्धव ठाकरे के साथ खड़े सांसदों और विधायकों में बेचैनी है, क्योंकि पार्टी में उन्हें वह सम्मान नहीं मिल रहा जिसके वे हकदार हैं। इसी वजह से कई जनप्रतिनिधि पार्टी से किनारा करने का मन बना चुके हैं।

‘ऑपरेशन टाइगर’ आखिर कब शुरू होगा, इस सवाल पर जाधव ने चुटकी लेते हुए कहा कि इसका जवाब तो खुद संजय राउत ही दे सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राउत ने मानो यह तय कर लिया है कि उद्धव ठाकरे की पार्टी को समाप्त करके ही दम लेंगे।

मुंगंटीवार ने भी संजय राउत को घेरा

वहीं दूसरी तरफ, महाराष्ट्र की राजनीति में चर्चित ‘ऑपरेशन टाइगर’ को लेकर बीजेपी नेता एवं पूर्व मंत्री सुधीर मुंगंटीवार ने भी अहम बयान दिया है। मुंगंटीवार ने दावा किया कि उद्धव ठाकरे की पार्टी के सांसद और विधायक बेचैन व असंतुष्ट हैं और पार्टी के भीतर नाराजगी लगातार गहराती जा रही है। उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे और संजय राउत कांग्रेस की भाषा और विचारधारा की बात कर रहे हैं, जिसे बालासाहेब ठाकरे के आदर्शों पर चलने वाला कोई भी शिवसैनिक स्वीकार नहीं कर सकता। यही कारण है कि पार्टी में टूट के हालात बनते जा रहे हैं। महाभारत का हवाला देते हुए मुंगंटीवार ने कहा कि जैसे शल्य कर्ण का सारथी बनकर उसका हौसला तोड़ता था, ठीक वैसे ही संजय राउत जाने-अनजाने पार्टी को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राउत की वजह से ही पार्टी कमजोर पड़ रही है और वह परोक्ष रूप से बीजेपी की मदद कर रहे हैं।

एकजुटता की सफाई देनी पड़ रही है- मुंगंटीवार

बीजेपी नेता मुंगंटीवार ने आगे कहा कि उद्धव ठाकरे को बार-बार अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं के सामने यह दोहराना पड़ रहा है कि पार्टी एकजुट है। इसके उलट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को कभी यह सफाई नहीं देनी पड़ती कि उनके सांसद या विधायक एकजुट हैं। मुंगंटीवार ने कहा, “जब बार-बार एकजुटता की सफाई देनी पड़े, तो इसका मतलब है कि कहीं न कहीं कुछ गड़बड़ जरूर है। और अगर गड़बड़ है, तो जो तय हुआ है, वह होकर रहेगा।” उनके इस बयान के बाद राज्य में ‘ऑपरेशन टाइगर’ और शिवसेना (यूबीटी) में संभावित टूट को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।

चेतन शुक्ला
Official Verified Account

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!