पुणे में मां और दो बच्चों के शव मिले, मुंबई लोकल ट्रेन में चाकू मारकर युवक की हत्या महाराष्ट्र एक महीने पहले 63
पुणे के पिंपरी चिंचवड़ में एक महिला और उसके दो बच्चों ने संदिग्ध परिस्थितियों में दम तोड़ दिया। वहीं दूसरी ओर, मुंबई लोकल ट्रेन में मामूली विवाद के बाद एक युवक की हत्या से हड़कंप मच गया है।

पुणे के घर में मिली तीन लाशें

पुणे के पिंपरी चिंचवड़ इलाके में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां के तथावड़े क्षेत्र में स्थित जीजी इंटरनेशनल स्कूल के पीछे एक घर से महिला और उसके दो बच्चों के शव बरामद हुए हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में मामला सामूहिक आत्महत्या का लग रहा है। आशंका जताई जा रही है कि 35 वर्षीय कल्पना बिपिन सूर्यवंशी ने पहले अपने 17 वर्षीय बेटी शुभश्री और 10 वर्षीय बेटे दादू को जहर दिया और इसके बाद खुद भी जान दे दी।

वाकड पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए YCM अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि महिला का पति छत्रपति संभाजीनगर में काम करता है। जांच में आर्थिक तंगी को इस दुखद घटना का संभावित कारण माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने एक्सीडेंटल डेथ का मामला दर्ज किया है और विसरा रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है।

मुंबई लोकल ट्रेन में युवक की बेरहमी से हत्या

एक अन्य घटना में मुंबई लोकल ट्रेन के अंदर 21 वर्षीय मयंक लोहार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात 23 जून की रात करीब 10 बजे हुई। बताया गया है कि ट्रेन के कोच का दरवाजा बंद करने को लेकर मयंक और 30 वर्षीय आरोपी रोशन सुवर्ण के बीच विवाद हुआ था। तेज बारिश के कारण डिब्बे में पानी आ रहा था, जिस पर मयंक ने दरवाजा बंद करने के लिए कहा था।

चलती ट्रेन से कूदकर भागा आरोपी

विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने अपने बैग से चाकू निकालकर मयंक के पेट में घोंप दिया। घटना के समय ट्रेन नंबर 90663 के फर्स्ट-क्लास कोच में यात्रा कर रहे अन्य यात्रियों ने आरोपी की पिटाई भी की, लेकिन वह चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, रात 11.04 बजे बोरीवली स्टेशन पर ट्रेन रुकने से पहले ही आरोपी प्लेटफॉर्म नंबर 6 के पास चलती ट्रेन से कूदकर भाग गया। मयंक के परिजन अब आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और उसे सख्त सजा दिलाने की मांग कर रहे हैं।

अंजलि सिंह पाबना की राज्य संवाददाता हैं, जो विभिन्न राज्यों की क्षेत्रीय खबरें और खानपान कवर करती हैं। स्थानीय घटनाओं, संस्कृति और जायके की कहानियों को वे करीब से रिपोर्ट करती हैं। अलग-अलग राज्यों की विविधता उनकी रिपोर्टिंग में नजर आती है।

आपकी प्रतिक्रिया?

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!

फेसबुक वार्तालाप