गांव के युवकों से प्रेम बना दो बहनों की मौत की वजह, पिता और भाइयों ने डंडों से पीटकर ली जान उत्तर प्रदेश एक महीने पहले 32
कुशीनगर के सेवरही थाना क्षेत्र में सजातीय युवकों से प्रेम करने पर 20 वर्षीय और 18 वर्षीय दो बहनों को उनके पिता और भाइयों ने डंडों से पीट-पीटकर मार डाला। पुलिस ने दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पिता फरार है।

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के सेवरही थाना क्षेत्र के पिपराघाट देव नारायण टोला से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां दो युवतियों को अपने ही गांव के सजातीय युवकों से प्रेम करने की भयावह कीमत चुकानी पड़ी। पिता ने अपने बेटों के साथ मिलकर दोनों बेटियों को डंडे से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद पिता फरार हो गया, जबकि दोनों भाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

प्रेम संबंध से नाराज थे पिता और दोनों भाई

पिपराघाट देव नारायण टोला की रहने वाली 20 वर्षीय लाली और 18 वर्षीय शीला का गांव के ही दो युवकों के साथ प्रेम संबंध था। कुछ दिन पहले दोनों बहनें अपने प्रेमियों के साथ घर से फरार हो गई थीं। इसके बाद पिता रामप्रसाद सहनी ने दोनों युवकों के खिलाफ सेवरही थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने बाद में दोनों युवतियों को अलग-अलग शहरों से बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया था।

पत्नी की मौत के बाद मुश्किलों में पाला था परिवार

घर लौटने के बाद पिता रामप्रसाद को उम्मीद थी कि अब दोनों बेटियां सुधर जाएंगी और इसके लिए उसने उन पर पाबंदियां भी लगा दी थीं। बावजूद इसके दोनों बहनें मोबाइल पर अपने प्रेमियों से बातचीत करती रहती थीं। बताया जाता है कि पत्नी की मौत के बाद रामप्रसाद ने बड़ी कठिनाई से अपनी बेटियों और बेटों को पाला था। बेटियों के प्रेमी से बात करने को लेकर परिवार में लगातार विवाद होता रहता था।

देर रात फोन पर बात करते पकड़ी गईं बहनें

घटना वाली रात देर रात भी दोनों बहनें फोन पर बात करते हुए पकड़ी गईं, जिसके बाद पिता और भाइयों ने उनका मोबाइल छीन लिया। इसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर पिता और भाइयों ने दोनों बहनों की डंडों से बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट में गंभीर रूप से घायल दोनों बहनों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने दो भाइयों को किया गिरफ्तार

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता रामप्रसाद सहनी फरार हो गया, जबकि पुलिस ने दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

चेतन तिवारी पाबना के उत्तर प्रदेश संवाददाता हैं और राज्य की राजनीति, प्रशासन तथा जमीनी मुद्दों को कवर करते हैं। लखनऊ में रहते हुए वे जिलों से लेकर विधानसभा तक की खबरें संतुलित रिपोर्टिंग के साथ पाठकों तक पहुंचाते हैं। आम लोगों के मुद्दों और स्थानीय घटनाओं पर उनका खास फोकस रहता है।

आपकी प्रतिक्रिया?

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!

फेसबुक वार्तालाप