चाय पीने जा रहे दो दोस्तों को थार ने रौंदा, सैकड़ों मीटर तक घसीटा; एक की मौत, भड़के लोगों ने गाड़ी जलाई राजस्थान 15 घंटे पहले 7
कोटा के नान्ता थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार थार ने बाइक सवार दो दोस्तों को टक्कर मारकर सैकड़ों मीटर तक घसीटा, जिसमें 18 साल के कौशल की मौत हो गई और रामदेव गंभीर रूप से घायल है। गुस्साए लोगों ने मौके पर थार में आग लगा दी, जबकि चालक फरार हो गया।

कोटा के नान्ता थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार थार ने बाइक सवार दो दोस्तों को टक्कर मार दी, जिससे एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक 18 वर्षीय रामदेव, निवासी बिनायका, तहसील तालेड़ा, जिला बूंदी अपने दोस्त लेखराज के बेटे कौशल के साथ घर से दुकान पर चाय पीने निकले थे। इसी दौरान केशवरायपाटन चौराहा गिरधरपुरा के पास तेज गति से आ रही थार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

नशे में धुत चालक ने दोनों युवकों को कुचला

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों दोस्त मौके पर ही बुरी तरह घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान कौशल ने दम तोड़ दिया। वहीं रामदेव को गंभीर चोटों के चलते भर्ती कराया गया है और उसका इलाज जारी है।

यह हादसा केशवरायपाटन रोड स्थित साईनाथ रेस्टोरेंट के पास सोमवार रात करीब 10:30 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि थार चालक रॉन्ग साइड में गाड़ी चला रहा था और उसने शराब पी रखी थी। नशे की हालत में ही उसने दोनों युवकों के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी। टक्कर के बाद दोनों दोस्त करीब 200 से 300 मीटर तक थार के साथ घसीटते चले गए। इसके बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने तत्काल दोनों को कोटा के एमबीएस चिकित्सालय पहुंचाया।

परिवार का इकलौता बेटा था कौशल

हादसे में कौशल के पैर, सीने और सिर में चोटें आईं, जबकि रामदेव के दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए। इलाज के दौरान तड़के कौशल की मौत हो गई। कौशल अपने परिवार का इकलौता बेटा था। दोनों युवक बूंदी जिले के बिनायका गांव, पोस्ट देहित के रहने वाले हैं। यह गांव कोटा की सीमा पर बसा है और हादसा गांव से करीब साढ़े 3 किलोमीटर दूर हुआ।

आक्रोशित भीड़ ने थार को किया आग के हवाले

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोग गुस्से में आ गए और उन्होंने थार में आग लगा दी। इस बीच चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही नान्ता थाना पुलिस वहां पहुंची और जांच में जुट गई। पुलिस फिलहाल थार चालक की तलाश कर रही है। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे मामले को लेकर परिवार में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!