उत्तर प्रदेश
एक घंटा पहले
2
विचारों
उत्तर प्रदेश के कानपुर और प्रयागराज में पुलिस प्रशासन ने कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए कड़े कदम उठाए हैं। एक ओर जहां कानपुर में रात के समय कारोबार पर रोक से जुड़ा सख्त आदेश जारी हुआ है, वहीं प्रयागराज में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी खुद मैदान में उतरकर सुरक्षा व्यवस्था परखते नजर आए।
कानपुर में रात 12 बजे के बाद कारोबार पर रोक
कानपुर के पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि रात 12 बजे के बाद शहर में कोई भी दुकान या होटल खुला नहीं रहेगा। इस आदेश का सख्ती से पालन कराने की जिम्मेदारी सभी थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को सौंपी गई है।
आदेश के मुताबिक दुकानदारों और होटल संचालकों को नोटिस भी थमा दिए गए हैं। पुलिस ने साफ कर दिया है कि तय समय के बाद यदि कोई दुकान या होटल खुला पाया गया तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रयागराज में अधिकारियों का पैदल मार्च
दूसरी ओर प्रयागराज में पुलिस कमिश्नर जोगिंदर कुमार ने अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) डॉ. अजय पाल शर्मा के साथ ग्राउंड जीरो पर उतरकर पैदल मार्च किया। इस दौरान उन्होंने धूमनगंज, करैली और खुल्दाबाद क्षेत्र में पुलिस बल के साथ गश्त की और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी और अपराधियों पर शिकंजा
पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हिस्ट्रीशीटरों का सत्यापन कराकर उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही नकबजनों, लुटेरों और चेन स्नैचरों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के सख्त निर्देश भी दिए गए।
इस मौके पर पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया और कानून-व्यवस्था को लेकर जनता के विश्वास को मजबूत करने का संदेश दिया।
Comments
0 comment