रसायन विज्ञान की महिला अभ्यर्थी फर्जी प्रवेश पत्र के साथ साक्षात्कार देने पहुंची, UPESSC की शिकायत पर गिरफ्तार करियर एक घंटा पहले 2
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने प्रवक्ता भर्ती के साक्षात्कार के दौरान फर्जी एडमिट कार्ड लेकर पहुंची एक महिला अभ्यर्थी को पकड़ा. दस्तावेज कूटरचित पाए जाने पर आयोग ने प्राथमिकी दर्ज कराकर उसे पुलिस के हवाले कर दिया.

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने प्रवक्ता संवर्ग भर्ती के साक्षात्कार के दौरान फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल का एक मामला पकड़ा है. आयोग ने विज्ञापन संख्या 02/2022 के तहत आयोजित इंटरव्यू प्रक्रिया में कूटरचित प्रवेश पत्र के सहारे शामिल होने की कोशिश कर रही एक महिला अभ्यर्थी को पकड़कर उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई और उसे स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया.

दो पालियों में चल रहे साक्षात्कार

आयोग के अनुसार, प्रवक्ता संवर्ग भर्ती के लिए साक्षात्कार 15 जून 2026 से 27 जून 2026 तक प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित किए जा रहे हैं. इसी क्रम में 17 जून 2026 को प्रथम पाली के दौरान रसायन विज्ञान विषय की एक महिला अभ्यर्थी प्रयागराज स्थित आयोग कार्यालय पहुंची. उसने एक प्रार्थना पत्र देकर दावा किया कि वह लिखित परीक्षा में सफल घोषित हुई है, लेकिन उसका साक्षात्कार पत्र डाउनलोड नहीं हो पा रहा है.

एडमिट कार्ड में छपवा रखा था गलत रोल नंबर

अभ्यर्थी के इस दावे के बाद आयोग ने तत्काल कार्यालयीय अभिलेखों और उपलब्ध दस्तावेजों की पड़ताल कराई. जांच में चौंकाने वाली बात सामने आई. आयोग को पता चला कि संबंधित अभ्यर्थी लिखित परीक्षा में सफल ही नहीं हुई थी. इसके बावजूद उसने आयोग द्वारा जारी प्रवेश पत्र में गलत तरीके से फेरबदल कर एक सफल अभ्यर्थी का रोल नंबर प्रिंट करवा लिया था और उसी आधार पर साक्षात्कार में शामिल होने का दावा कर रही थी.

दस्तावेज फर्जी मिलने पर पुलिस के हवाले

आयोग ने बताया कि महिला अभ्यर्थी की ओर से प्रस्तुत किए गए दस्तावेज फर्जी पाए गए. इसे आयोग की गोपनीयता, पारदर्शिता और चयन प्रक्रिया की शुचिता को प्रभावित करने का प्रयास माना गया. इसके बाद आयोग ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए अभ्यर्थी को तत्काल स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया.

आयोग ने अभ्यर्थियों को दी चेतावनी

इस घटना के बाद आयोग ने सभी अभ्यर्थियों को सतर्क रहने की चेतावनी जारी की है. आयोग ने कहा है कि कोई भी अभ्यर्थी किसी प्रकार के फर्जी या कूटरचित दस्तावेजों का प्रयोग न करे और न ही ऐसे व्यक्तियों या संस्थाओं के संपर्क में रहे, जो चयन प्रक्रिया को प्रभावित करने या अनुचित लाभ दिलाने का दावा करते हैं.

चेतन शुक्ला
Official Verified Account

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!