करियर
एक घंटा पहले
2
विचारों
उत्तर प्रदेश के सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर बनने का सपना संजोए हजारों अभ्यर्थियों का इंतजार अब खत्म हो गया है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने 910 पदों पर हुई असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती की पुनर्परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। 39 हजार से अधिक उम्मीदवारों में से 3155 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू राउंड के लिए सफल घोषित किया गया है। अब चयन प्रक्रिया का अगला और निर्णायक चरण साक्षात्कार होगा, जिसकी विस्तृत जानकारी जुलाई में सामने आएगी।
910 पदों के लिए घोषित हुआ परिणाम
आयोग ने विज्ञापन संख्या-51 के तहत आयोजित असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा का नतीजा जारी किया है। यह भर्ती प्रदेश के 330 अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में कुल 33 विषयों के 910 पदों को भरने के उद्देश्य से निकाली गई थी।
आयोग के उप सचिव डॉ. संजय कुमार सिंह की ओर से जारी परिणाम के मुताबिक, 18 और 19 अप्रैल 2026 को आयोजित लिखित पुनर्परीक्षा में शामिल हुए कुल 39,192 अभ्यर्थियों में से 3,155 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए सफल घोषित किया गया है। यह परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है, जहां अभ्यर्थी इसे देख सकते हैं।
अप्रैल में संपन्न हुई थी पुनर्परीक्षा
असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के लिए लिखित पुनर्परीक्षा 18 और 19 अप्रैल 2026 को कराई गई थी, जिसमें बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था। लिखित परीक्षा का परिणाम आने के साथ ही अब चयन प्रक्रिया अपने अगले चरण में पहुंच गई है।
जुलाई में आएंगी साक्षात्कार की तिथियां
आयोग ने साफ किया है कि सफल अभ्यर्थियों के लिए विषयवार और श्रेणीवार इंटरव्यू कार्यक्रम बाद में जारी किया जाएगा। आयोग के अनुसार, पीजीटी इंटरव्यू, टीजीटी परीक्षा परिणाम की तैयारी और आगामी यूपीटीईटी परीक्षा से जुड़े कार्यों के चलते साक्षात्कार की तारीखें तथा जरूरी दिशा-निर्देश 15 जुलाई 2026 तक आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
एसएमएस और ईमेल पर भी मिलेगी जानकारी
इंटरव्यू के लिए चयनित उम्मीदवारों को केवल वेबसाइट पर सूचना देखने तक सीमित नहीं रहना होगा। आयोग आवेदन पत्र में दर्ज मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी पर भी साक्षात्कार से संबंधित सूचना भेजेगा।
इसके अलावा अभ्यर्थियों को इंटरव्यू से करीब 21 दिन पहले अपने सभी मूल दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करने होंगे। दस्तावेज अपलोड करने के बाद वे आयोग की वेबसाइट से अपना साक्षात्कार पत्र (Interview Letter) डाउनलोड कर सकेंगे।
न्यायिक प्रक्रिया के अधीन रहेगा परिणाम
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती का यह परिणाम न्यायिक प्रक्रिया के अधीन रहेगा। यह नतीजा इलाहाबाद हाई कोर्ट में दाखिल विशेष अपील संख्या 368/2026 हरविंदर सिंह एवं अन्य बनाम उत्तर प्रदेश राज्य एवं अन्य में 17 अप्रैल 2026 को पारित आदेश तथा इससे संबंधित सुप्रीम कोर्ट में दाखिल एसएलपी संख्या 23758/2026 धीरज चंदानी एवं उत्तर प्रदेश राज्य एवं अन्य में 25 मई 2026 को पारित आदेश के अधीन होगा।
अध्यक्ष ने दीं शुभकामनाएं
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने सफल अभ्यर्थियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि आयोग भर्ती प्रक्रियाओं को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि योग्य उम्मीदवारों को सही समय पर अवसर मिल सके।
एलटी ग्रेड का एडमिट कार्ड भी जारी
इसी बीच उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने राजकीय महाविद्यालयों में एलटी ग्रेड सहायक अध्यापक (कला विषय) भर्ती की मुख्य परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र भी जारी कर दिए हैं। यह परीक्षा 13 जून 2026 को लखनऊ में आयोजित होगी। परीक्षा का समय सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक रखा गया है। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर जाकर अपने ओटीआर (OTR) नंबर की मदद से एडमिट कार्ड और परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देश डाउनलोड कर सकते हैं।
परीक्षा केंद्र पर क्या ले जाना होगा?
मुख्य परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर दो पासपोर्ट साइज फोटो, एक वैध फोटो पहचान पत्र की मूल प्रति और उसकी छायाप्रति साथ लेकर पहुंचना होगा। आयोग के अनुसार, उम्मीदवारों को परीक्षा शुरू होने से डेढ़ घंटा पहले केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा, जबकि परीक्षा आरंभ होने से 45 मिनट पहले प्रवेश पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। इस बारे में आयोग के अनुसचिव शैलेंद्र सिंह ने आधिकारिक विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी है।
Comments
0 comment