जयपुर हत्याकांड: पति-पड़ोसन के रिश्ते के शक में महिला ने रची साजिश, पांच साल की मासूम की गला घोंटकर हत्या राजस्थान एक महीने पहले 25
जयपुर में एक महिला ने अपने पति और पड़ोसन के बीच कथित अफेयर के शक में पड़ोसन की पांच साल की बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने वारदात के तीन दिन के भीतर आरोपी महिला गुड़िया को गिरफ्तार कर लिया।

राजधानी जयपुर में पांच साल की एक मासूम बच्ची की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। तीन दिन पहले हुई इस वारदात में सामने आया कि बच्ची को किसी अजनबी ने नहीं, बल्कि उसकी ही पड़ोसन महिला ने मौत के घाट उतारा था। आरोपी को शक था कि बच्ची की मां का उसके पति के साथ अफेयर है और इसी रंजिश में उसने पड़ोसन को सबक सिखाने की ठान ली।

पुलिस के सामने आरोपी महिला ने बिना किसी पछतावे के यह कबूल किया कि वह बच्ची की मां को रोते हुए और उसकी आंखों में आंसू देखना चाहती थी। जब मृतका के पिता ने उससे हत्या की वजह पूछी तो उसने ठंडे लहजे में कहा कि वह पड़ोसन की आंखों में आंसू देखना चाहती थी, उसे रोते हुए देखना चाहती थी।

कैसे रची गई हत्या की साजिश

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशान्त किरण ने सोमवार को प्रेस वार्ता में इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि यह घटना 13 जून को हरमाड़ा थाना इलाके के बैनाड़ में हुई। हत्या करने वाली महिला गुड़िया मासूम बच्ची की पड़ोसी ही है।

पुलिस के अनुसार गुड़िया क्राइम सीरियल देखती थी और उसने यूट्यूब पर हत्या के तरीके से जुड़ा वीडियो देखकर पूरी साजिश तैयार की थी। उसके मन में यह शक घर कर गया था कि उसके पति का पड़ोसन के साथ संबंध है। यही शक उसे अंदर ही अंदर खाए जा रहा था और इसी के चलते उसने पड़ोसन की बेटी को सोची-समझी साजिश के तहत मार डाला।

सीसीटीवी फुटेज से खुला राज

डीसीपी प्रशान्त किरण ने बताया कि शुक्रवार को घर के बाहर खेलते समय बच्ची अचानक लापता हो गई थी। आरोपी महिला भी बच्ची की मां के साथ उसे ढूंढ़ने में शामिल हो गई ताकि किसी को उस पर शक न हो।

मामला पुलिस तक पहुंचा तो इलाके में लगे आसपास के सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की गई। फुटेज में बच्ची आरोपी के घर की ओर जाती हुई तो दिखी, लेकिन वहां से लौटती हुई नहीं दिखाई दी। इसी से पुलिस और परिजनों का शक गुड़िया पर गहराने लगा।

शक के आधार पर जब पुलिस उसके घर तलाशी के लिए पहुंची तो वह आनाकानी करने लगी, जिससे आशंका और पुख्ता हो गई कि घटना यहीं हुई है।

दीवान में छिपाया गया शव

पुलिस ने जब घर की तलाशी ली तो एक कमरे में रखे दीवान को खोलकर देखा गया। उसके भीतर बच्ची का शव मिला, जो एक चादर में लिपटा हुआ था और निवस्त्र अवस्था में था। यह मंजर देखकर बच्ची के परिजन स्तब्ध रह गए।

पुलिस ने शव को वहां से निकालकर स्थानीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और गुड़िया को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी टूट गई और उसने हत्या की वजह व तरीका, दोनों पुलिस के सामने उगल दिए।

टीवी की आवाज तेज कर दबाया गला

आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने नहलाने का बहाना बनाकर बच्ची को अपने घर के अंदर बुलाया। इसके बाद उसने टेलीविजन की आवाज तेज कर दी ताकि बच्ची के चीखने की आवाज बाहर न जा सके। फिर उसने बच्ची का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

किसी को शक न हो, इसके लिए उसने शव को दीवान में छिपा दिया और कमरे में ताला लगा दिया।

जंगल में शव फेंकने की थी योजना

पुलिस के अनुसार गुड़िया रात के समय शव को जंगल में फेंकने की फिराक में थी, ताकि हत्या का शक किसी पुरुष पर जाए। लेकिन वह अपनी इस अगली योजना को अंजाम दे पाती, उससे पहले ही पुलिस शक के आधार पर उसके घर पहुंच गई। इस वजह से उसे शव हटाने का मौका ही नहीं मिला और वह पकड़ी गई।

फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की अन्य परतें खंगालने में जुटी है।

अंजलि सिंह पाबना की राज्य संवाददाता हैं, जो विभिन्न राज्यों की क्षेत्रीय खबरें और खानपान कवर करती हैं। स्थानीय घटनाओं, संस्कृति और जायके की कहानियों को वे करीब से रिपोर्ट करती हैं। अलग-अलग राज्यों की विविधता उनकी रिपोर्टिंग में नजर आती है।

आपकी प्रतिक्रिया?

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!

फेसबुक वार्तालाप