मध्य प्रदेश
एक घंटा पहले
2
विचारों
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में आज की प्रमुख घटनाओं पर एक नजर। राजनीति से लेकर मौसम, प्रशासन और स्थानीय व्यवस्थाओं तक — दोनों राज्यों की हर अहम हलचल की जानकारी यहां दी जा रही है।
मीनाक्षी नटराजन के समर्थन में यूथ कांग्रेस का प्रदेशव्यापी आंदोलन
कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन का राज्यसभा नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता आज सड़क पर उतरेंगे। यूथ कांग्रेस ने इसे लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन की घोषणा की है। कार्यकर्ता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंकेंगे और जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
कांग्रेस ने इस मुद्दे पर चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया है। इसके तहत 15 जून को यूथ कांग्रेस, 16 जून को NSUI और 17 जून को महिला कांग्रेस प्रदर्शन करेगी।
बाबा महाकाल के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु
गर्मी की छुट्टियों के आखिरी दौर में उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में रविवार को कुल 2,47,894 श्रद्धालुओं ने भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन का लाभ लिया। मंदिर प्रबंध समिति ने दर्शन, सुरक्षा और अन्य आवश्यक इंतजाम सुचारु रूप से संचालित किए।
उज्जैन उत्तर में सोमवार को नहीं आएगा पानी
उज्जैन में ढाबा रोड पर सड़क निर्माण के दौरान 750 एमएम की पाइपलाइन में लीकेज हो गया। इस वजह से उज्जैन उत्तर क्षेत्र की टंकी भरना तकनीकी रूप से संभव नहीं हो पा रहा, जिसके चलते सोमवार को इस क्षेत्र में पानी की सप्लाई नहीं होगी।
छत्तीसगढ़ में कल से नया शैक्षणिक सत्र
छत्तीसगढ़ में कल यानी 16 जून से नया शैक्षणिक सत्र आरंभ हो रहा है। राज्य के सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों में पढ़ाई शुरू हो जाएगी। 30 जून को शाला प्रवेश उत्सव मनाया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री साय समेत शिक्षा मंत्री शामिल होंगे।
संभाग स्तर पर भी शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन किया जाएगा और इस मौके पर बच्चों को यूनिफॉर्म, किताबें तथा साइकिलें बांटी जाएंगी।
छत्तीसगढ़ में जल्द दस्तक देगा मानसून
छत्तीसगढ़ में मानसून जल्द पहुंचने वाला है। अगले 2-3 दिनों में राज्य में मानसून के प्रवेश की संभावना जताई गई है। आज शाम कई जिलों में आंधी, गरज-चमक और बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग ने बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है।
बारिश की गतिविधियां बढ़ने से उत्तर छत्तीसगढ़ में तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट आएगी, जबकि मध्य छत्तीसगढ़ में 1-2 डिग्री की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। रविवार को राजनांदगांव सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
छत्तीसगढ़ दौरे पर आ सकते हैं बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 20 जून को छत्तीसगढ़ दौरे पर आ सकते हैं। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए उनके रायपुर पहुंचने की संभावना है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिल्ली में उन्हें छत्तीसगढ़ आने का निमंत्रण दिया था। यदि यह दौरा होता है तो राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन का यह पहला छत्तीसगढ़ प्रवास होगा।
देवास जिला अस्पताल में लापरवाही, मरीज को नहीं मिली एंबुलेंस
देवास जिला अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की बड़ी लापरवाही उजागर हुई है। गंभीर हालत में एक मरीज को रेफर किए जाने के बावजूद समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। परिजनों ने 108 सेवा और अस्पताल प्रशासन से संपर्क किया, लेकिन उन्हें एंबुलेंस न मिलने की जानकारी दी गई। करीब एक घंटे तक परिजन अस्पताल परिसर में एंबुलेंस के लिए भटकते रहे।
इस घटना ने स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि आपात स्थिति में यदि एंबुलेंस ही उपलब्ध न हो, तो मरीजों की जान की जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा।
पीएम मोदी के 12 साल पर मध्य प्रदेश में कार्यक्रम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल के कार्यकाल को लेकर मध्य प्रदेश में कार्यक्रम आयोजित होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल के भीमनगर में जनता से संवाद करेंगे। आज सुबह 10 बजे विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत यह संवाद कार्यक्रम होगा।
मध्य प्रदेश में निकाय चुनाव की तैयारी शुरू
मध्य प्रदेश सरकार ने निकाय चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। महापौर और नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए आरक्षण आयुक्त तय करेंगे। इसकी जिम्मेदारी नगरीय विकास एवं आवास विभाग के आयुक्त को सौंपी गई है। आरक्षण की प्रक्रिया नपा अधिनियम 1999 के प्रावधानों के तहत पूरी की जाएगी। इसके साथ ही राज्य निर्वाचन आयोग ने निकाय चुनाव के लिए मतदाता सूची अपडेट करने का काम भी शुरू कर दिया है।
रतलाम में अस्पताल के पास लगी आग, एक हिरासत में
रतलाम में मातृ एवं शिशु रोग (एमसीएच) यूनिट की बिल्डिंग के पास आग लग गई। पास के मैदान में पड़े कचरे में आग लगने से यह स्थिति बनी। दमकल ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। आग लगाने के मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है।
Comments
0 comment