जबलपुर में हाईवा से टकराई स्कॉर्पियो बनी आग का गोला, दो युवक जिंदा जले मध्य प्रदेश एक महीने पहले 14
जबलपuर-मंडला रोड पर ओवरटेक के दौरान स्कॉर्पियो सामने से आ रहे हाईवा से टकरा गई और आग में लिपट गई, जिसमें हरियाणा के दो युवकों की जलकर मौत हो गई।

जबलपुर के बरेला थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके को दहला दिया। जबलपुर-मंडला रोड पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और हाईवा के बीच भीषण टक्कर हो गई, जिसके बाद कार में आग लग गई और उसमें सवार दो युवक जिंदा जल गए। आग की लपटें इतनी भयंकर थीं कि मौके पर मौजूद ग्रामीण चाहकर भी कुछ नहीं कर सके।

ओवरटेक की कोशिश में हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो का चालक एक हाईवा को ओवरटेक करने की कोशिश में था। इसी दौरान वाहन सामने से आ रहे दूसरे हाईवा से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो में पलक झपकते ही आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरी गाड़ी उसकी चपेट में आ गई। आग इतनी तेजी से फैली कि वाहन में सवार लोग बाहर तक नहीं निकल सके।

संभलने का नहीं मिला मौका

चालक और उसके साथी को गाड़ी से बाहर निकलने का जरा भी अवसर नहीं मिल पाया और दोनों आग की लपटों के बीच वाहन के भीतर ही फंसकर रह गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। लेकिन तब तक दोनों युवकों की मौत हो चुकी थी।

हरियाणा के निवासी थे मृतक

पुलिस ने मृतकों की पहचान प्रवीण शर्मा और मोनू शर्मा के रूप में की है। दोनों हरियाणा के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही बरेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। बुरी तरह क्षतिग्रस्त और जल चुके वाहन को गैस कटर की मदद से काटकर दोनों शवों को बाहर निकाला गया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है और मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

मामला दर्ज, जांच जारी

इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की विस्तृत पड़ताल कर रही है। डम्फर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

अंजलि सिंह पाबना की राज्य संवाददाता हैं, जो विभिन्न राज्यों की क्षेत्रीय खबरें और खानपान कवर करती हैं। स्थानीय घटनाओं, संस्कृति और जायके की कहानियों को वे करीब से रिपोर्ट करती हैं। अलग-अलग राज्यों की विविधता उनकी रिपोर्टिंग में नजर आती है।

आपकी प्रतिक्रिया?

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!

फेसबुक वार्तालाप