जीवनशैली
14 घंटे पहले
16
विचारों
घर पर मशरूम उगाने के फायदे
मशरूम न केवल खाने में स्वादिष्ट होते हैं बल्कि सेहत के लिए भी बेहद गुणकारी माने जाते हैं। बहुत से लोग मशरूम की सब्जी के शौकीन होते हैं, लेकिन कई बार बाजार में ताजे मशरूम आसानी से नहीं मिल पाते। ऐसे में घर पर ही मशरूम उगाना एक बेहतरीन और किफायती विकल्प है। मशरूम की खेती के लिए बहुत ज्यादा जगह की जरूरत नहीं होती है। खास तौर पर जो लोग पहली बार इसकी शुरुआत कर रहे हैं, उनके लिए ऑयस्टर मशरूम सबसे उपयुक्त विकल्प है। यह सामान्य तापमान में भी कम जगह पर आसानी से उग जाता है।
जरूरी सामग्री
घर पर मशरूम उगाने की शुरुआत करने के लिए आपको नीचे दी गई चीजों की आवश्यकता होगी:
- स्पॉन: मशरूम के बीज, जो कृषि केंद्रों या ऑनलाइन उपलब्ध होते हैं।
- सब्सट्रेट: गेहूं या धान का भूसा।
- पॉलीथीन बैग: मिश्रण को भरने के लिए।
- अन्य: स्प्रे बोतल और सैनिटाइजर।
मशरूम उगाने की प्रक्रिया: स्टेप बाय स्टेप
पहला चरण: सबसे पहले गेहूं या धान के भूसे को छोटे टुकड़ों में काट लें। इसे अच्छी तरह साफ पानी में भिगोएं। बैक्टीरिया और फफूंद को खत्म करने के लिए इसे गर्म पानी में उबालना जरूरी है। छानने के बाद इसका अतिरिक्त पानी निकाल दें। ध्यान रहे कि भूसे में सिर्फ हल्की नमी होनी चाहिए, उससे पानी टपकना नहीं चाहिए।
दूसरा चरण: भूसा ठंडा होने के बाद किसी साफ सतह पर इसे फैलाएं। अपने हाथों को सैनिटाइजर से साफ करें और भूसे में मशरूम के बीज यानी स्पॉन को मिलाएं। आमतौर पर सूखे भूसे के कुल वजन का 5 से 10 प्रतिशत स्पॉन पर्याप्त माना जाता है।
तीसरा चरण: अब तैयार मिश्रण को पॉलीथीन बैग में हल्के हाथों से दबाकर भरें और ऊपर से अच्छी तरह बांध दें। हवा के संचार के लिए बैग में 6 से 8 छोटे छेद कर दें।
चौथा चरण: इस बैग को ऐसे स्थान पर रखें जहां सीधी धूप न आती हो। लगभग 15 से 21 दिनों के भीतर आप देखेंगे कि भूसे पर सफेद जाली जैसी संरचना फैल गई है।
पांचवां चरण: जब सफेद परत पूरी तरह बन जाए, तो बैग को ऐसी जगह शिफ्ट करें जहां हवा और रोशनी का आवागमन अच्छा हो। दिन में 2 से 3 बार स्प्रे बोतल से पानी छिड़कते रहें ताकि नमी बनी रहे, लेकिन ध्यान रखें कि बैग के भीतर पानी जमा न हो।
छठा चरण: कुछ ही दिनों में बैग के छेदों से नन्हे मशरूम बाहर आने लगेंगे। जब मशरूम की छतरी थोड़ी सीधी होने लगे, तो उसे आधार से धीरे से घुमाकर तोड़ लें। एक बैग से आप सामान्यतः 2 से 3 बार फसल ले सकते हैं।
Comments
0 comment