अररिया में तेज रफ्तार का तांडव, स्कॉर्पियो और कार की भिड़ंत में 4 की मौत, 4 घायल बिहार एक घंटा पहले 1
अररिया के एनएच-27 पर कुसियार गांव के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पहले एक साइकिल सवार को कुचला और फिर दूसरी कार से टकरा गई, जिसमें एक महिला समेत कुल चार लोगों की जान चली गई और चार अन्य घायल हो गए।

देश के विभिन्न हिस्सों में तेज रफ्तार वाहनों के कारण होने वाले हादसे लगातार जानलेवा साबित हो रहे हैं। बुधवार सुबह अररिया में भी ऐसा ही एक दर्दनाक मंजर देखने को मिला, जहां एक भीषण सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई। यह हादसा अररिया नगर थाना क्षेत्र के एनएच-27 पर कुसियार गांव के नजदीक हुआ। अररिया-पूर्णिया मुख्य मार्ग एनएच 27 की फोरलेन सड़क पर हुई इस टक्कर में एक साइकिल सवार समेत कुल चार लोगों की जान चली गई, जिनमें एक महिला भी शामिल है, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए।

कैसे और कहां हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, कुसियार गांव स्थित बायोडायवर्सिटी पार्क के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गई और सबसे पहले उसने एक साइकिल सवार को टक्कर मार दी। इस टक्कर में गैयारी निवासी कोनेन अख्तर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद स्कॉर्पियो चालक गाड़ी लेकर तेजी से भागने लगा, जिसके चलते वाहन अपनी लेन छोड़कर दूसरी लेन में चली गई और सामने से आ रही एक कार से जा भिड़ी।

स्कॉर्पियो सवार तीन लोगों की मौत

इस टक्कर में स्कॉर्पियो में सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक महिला भी शामिल है। वहीं दूसरी कार में बैठे चार अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में पूर्णिया के अमौर थाना क्षेत्र के विशनपुर निवासी गौतम झा, मायानन्द झा और शांति देवी शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ सुशील कुमार समेत नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।

पुलिस ने बताया घटनाक्रम

इस दर्दनाक सड़क हादसे की जानकारी देते हुए अररिया के ट्रैफिक डीएसपी रघुनाथ सिंह ने बताया कि तेज रफ्तार कार पूर्णिया की ओर से आ रही थी, जिसने सबसे पहले साइकिल सवार को टक्कर मारी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि साइकिल सवार डिवाइडर से जा टकराया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इसके बाद स्कॉर्पियो चालक ने वहां से भागने की कोशिश की और इसी दौरान सामने से आ रही गाड़ी से टकरा गया। इस हादसे में स्कॉर्पियो में सवार 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग घायल हुए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रघुनाथ सिंह ने यह भी बताया कि दुर्घटना में शामिल गाड़ी को जब्त कर लिया गया है।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!