मध्य प्रदेश
एक घंटा पहले
4
विचारों
ग्वालियर के पुरानी छावनी इलाके में भरोसे को ठेस पहुंचाने वाला एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने पहले पड़ोसी की मदद करने का दिखावा किया और फिर मौका पाते ही उनके खाली घर में हाथ साफ कर दिया। हालांकि चोरी के दौरान हुई एक चूक और उसके पैर में लगी चोट ने पुलिस को आरोपी तक पहुंचा दिया।
मदद का दिखावा कर रची साजिश
यह घटना 4 जून की है। पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के पंडित मोहल्ले में रहने वाले रामदास सिकरवार का परिवार उस वक्त अस्पताल में मौजूद था। रामदास की पत्नी सुरेखा सिकरवार सुबह करीब 10 बजे अपने नाती के लिए खाना लेकर कमलाराजा अस्पताल जाने की तैयारी में थीं। तभी पड़ोस में रहने वाली शैजल अपनी स्कूटी लेकर वहां पहुंच गई।
शैजल ने बड़ी आत्मीयता से सुरेखा से कहा कि वह भी नाती को देखने साथ चलेगी। उसने सुरेखा को अपनी स्कूटी पर बैठाया और अस्पताल तक छोड़ आई। इसके कुछ ही देर बाद वह वापस लौट आई।
खाली घर में किया हाथ साफ
सुरेखा को अस्पताल छोड़ने के बाद शैजल सीधे उनके सूने घर पहुंची। वह घर की पिछली दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुई। अंदर पहुंचकर उसने अलमारी की चाबी खोजी और गहने तथा नकदी निकाल ली। चोरी को अंजाम देने के बाद वह दोबारा दीवार फांदकर फरार हो गई।
दो घंटे बाद हुआ चोरी का खुलासा
शाम करीब 5 बजे जब सुरेखा घर लौटीं तो उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी। शाम 7 बजे जब उनके पति रामदास ने भैंस के दाने के लिए पैसे मांगे, तब जाकर पूरे मामले का पता चला।
बक्से से 25 हजार रुपये नकद, दो जोड़ी चांदी की पायल, एक चांदी की करधोनी, सोने की झुमकी, सोने की अंगूठी, दो सोने के मंगलसूत्र और एक सोने का ‘ओम’ गायब था।
चोट और कैमरे ने खोली पोल
रामदास ने इस घटना की शिकायत थाने में दर्ज कराई। जांच शुरू होते ही पुलिस को घर की पिछली दीवार पर रगड़ के निशान मिले। इसी दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि 4 जून के बाद से पड़ोसन शैजल अचानक लंगड़ाकर चलने लगी है।
पुलिस का शक तब यकीन में बदल गया जब सीसीटीवी फुटेज सामने आए। शैजल अपने नाबालिग भाई के साथ सिटी सेंटर की एक ज्वेलरी शॉप पर चोरी के गहने बेचने पहुंची थी, जहां लगे कैमरे में वह गहनों का सौदा करते हुए साफ तौर पर कैद हो गई।
पूरा माल बरामद, पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी
पुलिस ने रविवार को शैजल को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि दीवार फांदते समय पैर फिसलने से उसके घुटने में गहरी चोट लग गई थी, जिसके कारण वह लंगड़ाकर चल रही थी। पुलिस ने उसके पास से चोरी का सारा सामान बरामद कर लिया है।
बताया जा रहा है कि आरोपी शैजल का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। करीब डेढ़ महीने पहले उसने अपने भाई के साथ मिलकर खुद के साथ फर्जी लूट की साजिश रची थी। इसके अलावा उस पर एक टेलर पर चाकू चलाने का भी आरोप है।
Comments
0 comment