जर्मनी की विश्व कप में दमदार आगाज, क्यूरासाओ को 7-1 से रौंदा खेल 6 दिन पहले 11
फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप ई मुकाबले में जर्मनी ने क्यूरासाओ को 7-1 से हराकर शानदार शुरुआत की। विश्व कप खेलने वाली सबसे छोटी टीम क्यूरासाओ ने एक गोल दागकर सबको चौंका दिया।

जर्मनी ने पहले ही मैच में दिखाई ताकत

चार बार के चैंपियन जर्मनी ने विश्व कप फुटबॉल के ग्रुप ई के मुकाबले में इतिहास रचने वाली क्यूरासाओ की टीम को 7-1 से करारी शिकस्त दी। इस बड़ी हार के बावजूद क्यूरासाओ के नाम एक खास उपलब्धि जुड़ गई, क्योंकि वह विश्व कप में हिस्सा लेने वाला दुनिया का सबसे छोटा देश बन गया। इतना ही नहीं, उसने मुकाबले में एक गोल भी दागा, जो इस छोटी टीम के लिए गर्व की बात रही।

क्यूरासाओ ने बराबरी कर चौंकाया

फेलिक्स नेमेचा ने छठे मिनट में गोल कर जर्मनी को बढ़त दिला दी। हालांकि क्यूरासाओ के लिवानो कोमेनेंसिया ने 21वें मिनट में बॉक्स के बीच से बाएं पैर के जोरदार शॉट से गेंद को जाल में पहुंचाते हुए स्कोर 1-1 कर दिया। इस गोल से इस छोटे कैरेबियाई देश के समर्थक खुशी से झूम उठे। इसके बाद हालांकि पूरे मैदान पर जर्मनी का ही दबदबा देखने को मिला। टीम ने 38वें मिनट में नथानिएल ब्राउन के कॉर्नर किक पर निको श्लॉटरबेक के हेडर से दोबारा बढ़त बना ली।

कोच नागेल्समैन की प्रतिक्रिया

जर्मनी के कोच जूलियन नागेल्समैन ने मुकाबले के बाद कहा, ‘‘हमें इस बड़ी जीत की सचमुच बहुत जरूरत थी। हमें इस आत्मविश्वास की दरकार थी। यह पहले से मौजूद था, लेकिन अब और भी ज्यादा बढ़ गया है।’’

दूसरे हाफ में गोलों की झड़ी

जर्मनी की जीत का यह अंतर विश्व कप के नौ गोल के रिकॉर्ड से अब भी काफी कम है। ऐसा अब तक तीन बार हो चुका है और आखिरी मौका तब आया था जब हंगरी ने 1982 में अल साल्वाडोर को 10-1 से हराया था। पहले हाफ के स्टॉपेज टाइम में हावर्ट्ज ने पेनल्टी को गोल में तब्दील कर स्कोर 3-1 कर दिया। हाफ टाइम के बाद जर्मनी ने जरा भी ढिलाई नहीं बरती और 47वें मिनट में जमाल मुसियाला ने गोल दाग दिया।

ब्राउन ने 68वें मिनट में गोल कर बढ़त को 5-1 तक पहुंचा दिया। इसके बाद डेनिज़ उन्दाव ने 78वें मिनट में गोल किया, जबकि ब्राउन के इस गोल में मददगार रहे। हावर्ट्ज़ ने 88वें मिनट में अपना दूसरा गोल दागकर स्कोर 7-1 कर दिया।

स्टेडियम का माहौल और आगे का कार्यक्रम

स्टेडियम में कुल 68,021 दर्शक मौजूद रहे, जिनमें से अधिकांश जर्मनी का समर्थन कर रहे थे। क्यूरासाओ के भी कुछ समर्थक स्टेडियम पहुंचे, जिन्होंने अपनी टीम का हौसला बढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। जर्मनी अपना अगला मुकाबला शनिवार को टोरंटो में आइवरी कोस्ट के खिलाफ खेलेगा, जबकि क्यूरासाओ इसी दिन कैनसस सिटी में इक्वाडोर से भिड़ेगा।

चेतन शुक्ला
Official Verified Account

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!