खेल
2 घंटे पहले
8
विचारों
फीफा वर्ल्ड कप 2026 में हर बीतते दिन के साथ रोमांच चरम की ओर बढ़ रहा है। अब मैदान में उन टीमों के उतरने की बारी है जिन्हें खिताब का सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा है। मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन अर्जेंटीना अपने अभियान का आगाज करने जा रही है, तो वहीं फ्रांस भी जीत के साथ टूर्नामेंट में कदम रखने के इरादे से उतरेगी। इतना ही नहीं, दिन के अंतिम मुकाबले में क्रिस्टियानो रोनाल्डो की अगुवाई वाली पुर्तगाल टीम कांगो से भिड़ती दिखाई देगी। यानी फुटबॉल प्रेमियों के लिए टूर्नामेंट का छठा दिन कई बड़े मुकाबलों की सौगात लेकर आ रहा है।
ग्रुप स्टेज के इस छठे दिन ग्रुप I और ग्रुप J की टीमें एक्शन में नजर आएंगी। सबसे ज्यादा निगाहें अर्जेंटीना पर होंगी, जो अपने खिताब की रक्षा के मिशन के साथ मैदान में उतरेगी, जबकि फ्रांस भी अपने पहले मैच में दमदार आगाज की कोशिश करेगी।
फ्रांस बनाम सेनेगल
फ्रांस की टीम अपने सफर की शुरुआत सेनेगल के खिलाफ करेगी। यूरोप की यह दिग्गज टीम जीत के साथ टूर्नामेंट में अपनी ताकत का संदेश देना चाहेगी, मगर अफ्रीकी टीम सेनेगल को कमजोर आंकना भारी पड़ सकता है। यह भिड़ंत न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी स्टेडियम में होगी। भारतीय समयानुसार 17 जून को 12:30 AM बजे इस मुकाबले की शुरुआत होगी।
इराक बनाम नॉर्वे
ग्रुप I के दूसरे मैच में इराक और नॉर्वे आमने-सामने होंगे। बोस्टन स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले में दोनों टीमें जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत करना चाहेंगी, ऐसे में यह टक्कर बेहद दिलचस्प होने की उम्मीद है। यह मैच 17 जून को भारतीय समयानुसार सुबह 3:30 बजे से खेला जाएगा।
अर्जेंटीना बनाम अल्जीरिया
दिन की सबसे चर्चित जंग अर्जेंटीना और अल्जीरिया के बीच होगी। मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन अर्जेंटीना अपना ताज बरकरार रखने के इरादे से मैदान में उतरेगी। फुटबॉल फैंस की नजरें इस मुकाबले पर इसलिए भी जमी रहेंगी, क्योंकि एक बार फिर महान खिलाड़ी लियोनल मेसी वर्ल्ड कप के मंच पर अपना जादू बिखेरते दिखेंगे। यह मुकाबला कैनसस सिटी स्टेडियम में 17 जून को सुबह 6:30 बजे से खेला जाएगा।
ऑस्ट्रिया बनाम जॉर्डन
ग्रुप J के दूसरे मुकाबले में ऑस्ट्रिया और जॉर्डन की टीमें टकराएंगी। यह मैच दोनों ही टीमों के लिए बेहद अहम है, क्योंकि शुरुआती जीत उन्हें नॉकआउट की होड़ में मजबूत स्थिति दिला सकती है। सैन फ्रांसिस्को बे एरिया स्टेडियम में यह भिड़ंत 17 जून को भारतीय समयानुसार सुबह 9:30 बजे खेली जाएगी।
पुर्तगाल बनाम कांगो
जब पुर्तगाल की टीम कांगो के खिलाफ अपना पहला मैच खेलने उतरेगी, तब सभी की नजरें स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो पर रहेंगी। पुर्तगाल और कांगो के बीच यह मुकाबला 17 जून को ह्यूस्टन स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार रात 10:30 बजे से इस मैच का आगाज होगा।
Comments
0 comment