पटना के मसौढ़ी में पुलिस-अपराधी मुठभेड़: एक किडनैपर ढेर, दो पुलिसकर्मी घायल, अगवा युवक सुरक्षित बिहार 2 घंटे पहले 2
पटना के मसौढ़ी थाना क्षेत्र में अपहृत युवक को छुड़ाने पहुंची पुलिस और अपराधियों के बीच फायरिंग हुई, जिसमें एक अपराधी मारा गया और दो पुलिस पदाधिकारी घायल हो गए।

बिहार में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है। राज्य में अपराधियों के बढ़े हौसले का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे अब पुलिस टीम पर हमला करने से भी नहीं हिचक रहे। ताजा घटना पुलिस और शातिर बदमाशों के बीच हुई एक भीषण मुठभेड़ की है, जिसमें जवाबी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक अपराधी को मार गिराया, जबकि इस गोलीबारी में दो पुलिस पदाधिकारी घायल हो गए।

दो पुलिस पदाधिकारी घायल, एक अपराधी ढेर

राजधानी पटना के मसौढ़ी थाना क्षेत्र में 12 जून 2026, शुक्रवार की रात करीब 7:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि अपराधियों ने एक युवक को अगवा कर लिया है और उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को बदमाशों के चंगुल से छुड़ाने के लिए घेराबंदी शुरू कर दी। इस दौरान अपराधियों ने पुलिस पर गोलीबारी कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की और अगवा युवक को सुरक्षित बचा लिया। मुठभेड़ में दो पुलिस पदाधिकारियों को गोली लगी, जिनमें मसौढ़ी के अपर थाना अध्यक्ष राहुल कुमार और सहायक पुलिस सब इंस्पेक्टर संजय कुमार घायल हो गए। वहीं पुलिस की कार्रवाई में एक अपराधी मारा गया।

पटना सिटी एसपी ने दी जानकारी

पटना के सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार ने बताया कि 12 जून 2026 को रात करीब 7:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक को किडनैप कर अपराधी उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर घेराबंदी की और युवक को छुड़ाने का प्रयास किया। इसी बीच अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिससे दो पुलिस पदाधिकारी घायल हो गए, जिनका इलाज पटना एम्स में चल रहा है। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक अपराधी को गोली लगी और बाकी बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस की सूझबूझ से अपहृत युवक को सुरक्षित बचा लिया गया और घायल अपराधी की तलाश शुरू कर दी गई।

एसपी के अनुसार, गोली लगने के बाद घायल अपराधी पहले इलाज के लिए पुनपुन अस्पताल गया, फिर मैक्स हॉस्पिटल और उसके बाद पारस हॉस्पिटल पहुंचा, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मारे गए अपराधी की पहचान

परिचय कुमार ने बताया कि मारे गए अपराधी की पहचान मोहम्मद हैदर के रूप में हुई है, जो एक कुख्यात अपराधी था और हत्या के मामले में जेल जा चुका था। इस मामले में कुछ अपराधियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जिस युवक को अगवा किया गया था, उसके बारे में जानकारी मिली कि उसे ओएलएक्स पर मोबाइल खरीदने के बहाने बुलाया गया था और इसी दौरान उसका अपहरण कर लिया गया। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। बताया जा रहा है कि वारदात में शामिल अपराधियों की संख्या 4 से 6 के बीच थी।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!