जीवनशैली
9 घंटे पहले
1
विचारों
कॉर्न कटलेट के साथ शाम का नाश्ता बनाएं यादगार
शाम ढलते ही अक्सर हल्की भूख और चाय के साथ कुछ स्वादिष्ट खाने की इच्छा होने लगती है। ऐसे में कई बार हम उलझन में रहते हैं कि आखिर क्या बनाया जाए जो जल्दी भी बन जाए और सभी को पसंद भी आए। अगर आप भी कुछ कुरकुरा और चटपटा खाने के शौकीन हैं, तो कॉर्न कटलेट आपके लिए सबसे अच्छा विकल्प साबित हो सकता है। ये स्नैक न केवल स्वाद में बेहतरीन है, बल्कि इसे बनाना भी बेहद आसान है। इसकी ऊपरी परत एकदम क्रिस्पी होती है और अंदर से यह काफी नरम और स्वादिष्ट लगता है। बच्चे हों या बड़े, हर किसी को यह नाश्ता बेहद पसंद आता है। नीचे दी गई आसान विधि का पालन करके आप भी इसे घर पर बना सकते हैं।
जरूरी सामग्री
- 1.5 कप उबले हुए मक्के के दाने
- 2 मध्यम आकार के उबले और मसले हुए आलू
- 2 बारीक कटी हुई हरी मिर्च
- 1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
- 2 बड़े चम्मच बारीक कटा हुआ ताजा हरा धनिया
- 1/2 छोटा चम्मच गरम मसाला
- 1/2 छोटा चम्मच आमचूर पाउडर या फिर नींबू का रस
- 1/2 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- 1 कप ब्रेड क्रम्ब्स
- 2 बड़े चम्मच कॉर्नफ्लोर या चावल का आटा
- नमक स्वादानुसार
- तेल तलने के लिए आवश्यकतानुसार
बनाने की विधि
पहला चरण: सबसे पहले उबले हुए स्वीट कॉर्न को मिक्सी के जार में डालें और उन्हें हल्का दरदरा पीस लें। ध्यान रखें कि इन्हें ज्यादा बारीक पेस्ट के रूप में नहीं पीसना है, वरना कटलेट का स्वाद खराब हो सकता है।
दूसरा चरण: एक बड़े बर्तन या बाउल में पिसे हुए कॉर्न निकाल लें। अब इसमें उबले और मैश किए हुए आलू, कटी हुई हरी मिर्च, अदरक-लहसुन का पेस्ट, हरा धनिया, गरम मसाला, आमचूर पाउडर और लाल मिर्च पाउडर डालें।
तीसरा चरण: अब इस मिश्रण में स्वाद के अनुसार नमक, 2 बड़े चम्मच कॉर्नफ्लोर और आधा कप ब्रेड क्रम्ब्स डालें। ब्रेड क्रम्ब्स डालने से कटलेट में मौजूद अतिरिक्त नमी सूख जाती है, जिससे कटलेट तलते समय एकदम क्रिस्पी बनते हैं।
चौथा चरण: सभी सामग्रियों को हाथों से अच्छी तरह मिलाते हुए आटे की तरह गूंध लें। अब अपने हाथों में थोड़ा सा मिश्रण लें और अपनी मनपसंद आकार जैसे टिक्की, गोल या ओवल शेप में कटलेट तैयार कर लें।
पांचवां चरण: तैयार कटलेट को बचे हुए सूखे ब्रेड क्रम्ब्स में लपेटें, ताकि चूरा हर तरफ अच्छे से चिपक जाए।
छठा चरण: अब एक कढ़ाई में तेल गर्म करें। मध्यम आंच पर कटलेट को दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें। आप इसे अपनी पसंद के अनुसार डीप फ्राई या शैलो फ्राई कर सकते हैं। गर्मागर्म कटलेट को चटनी या केचप के साथ परोसें।
Comments
0 comment