विश्व
एक घंटा पहले
3
विचारों
गल्फ ऑफ ओमान में भारतीय नाविकों पर हुए हमले को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा बयान सामने आया है। ट्रंप ने दावा किया कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में ईरान ने ड्रोन के जरिए भारतीय जहाजों को निशाना बनाया। उन्होंने दो टूक कहा कि भारत के जहाजों पर हमला किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
दिलचस्प बात यह है कि ट्रंप का यह बयान गल्फ ऑफ ओमान में भारतीय नाविकों पर हुई तीन घटनाओं के बाद आया है। 8, 9 और 11 जून को तीन व्यावसायिक जहाजों पर अमेरिकी सेना ने हमला किया था। 9 जून को हुए हमले में भारत के चार नागरिकों की मौत हुई थी।
ईरान के साथ डील को बताया फेक न्यूज
डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, 'ईरान ने जो शर्तें बताई हैं, उनका लिखित में तय हुई शर्तों से कोई लेना-देना नहीं है। वह फेक न्यूज है। उन्होंने जो कुछ बताया, जिसमें डील को लेकर उनका कमजोर और शर्मनाक बयान भी शामिल है, उसका सच्चाई से कोई वास्ता नहीं है। इनके साथ डील करना बेहद बेईमानी भरा काम है। इनके साथ ईमानदारी से कोई डील नहीं हो सकती।'
भारतीय जहाज पर हमले में घसीटा ईरान का नाम
भारत के जहाज पर हुए हमले को लेकर ट्रंप ने कहा, 'कल रात होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे भारतीय जहाजों पर उनके ड्रोन हमले को पूरी तरह नाकाम कर दिया गया, यह हरकत बिल्कुल भी मंजूर नहीं है। उन्हें जल्द से जल्द अपनी हरकतें सुधार लेनी चाहिए।'
ओमान के पास MT जलवीर पर मिसाइल हमला
इस हमले के बाद भारत ने अमेरिकी दूतावास के चार्ज डि'अफेयर्स को तलब कर चेतावनी दी थी। इसके बावजूद बीते गुरुवार को अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड ने MT जलवीर नाम के व्यावसायिक जहाज पर मिसाइल हमला कर दिया। अमेरिका की सेंट्रल कमांड ने ट्वीट कर इस हमले की जानकारी भी साझा की थी। राहत की बात यह रही कि जहाज पर सवार सभी क्रू मेंबर्स को ओमान की रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया था।
सेना ने वीडियो जारी किया, मगर ट्रंप मुकरे
शुक्रवार को विदेश मंत्रालय ने एक बार फिर अमेरिका के चार्ज डि'अफेयर्स जैसन मीक्स को बुलाकर इंटरनेशनल वॉटर्स में भारतीय नाविकों को निशाना बनाए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई। लेकिन ट्रंप अब यह कहने लगे हैं कि भारतीय जहाजों पर हमला अमेरिका ने नहीं, बल्कि ईरान ने किया है। हैरानी की बात यह है कि अमेरिकी सेना ने खुद वीडियो जारी कर हमले का दावा किया था, जबकि ट्रंप इसे ईरान की करतूत बता रहे हैं।
Comments
0 comment