भारत
2 घंटे पहले
4
विचारों
राजधानी दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में मंगलवार की शाम मौसम ने अचानक करवट ली। शाम के समय तेज धूल भरी हवाएं चलीं और कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी दर्ज की गई। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शहर के कई हिस्सों के लिए बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। बिजली चमकने, ओलावृष्टि और मध्यम बारिश की आशंका को देखते हुए विभाग ने 'रेड' और 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया। उधर, उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भी तेज हवाओं ने कहर बरपाया, जिससे मथुरा और इटावा में काफी नुकसान हुआ।
दिल्ली के कई इलाकों में रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने दिल्ली में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के अनुसार राजधानी के कई इलाकों में गरज के साथ मध्यम बारिश हो सकती है और इस दौरान 60-80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। विभाग ने बिजली चमकने और ओलावृष्टि की संभावना भी जताई है, जबकि कुछ क्षेत्रों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। उत्तरी दिल्ली के बाहरी इलाकों, उत्तर पश्चिम तथा उत्तर पूर्वी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों के लिए 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया गया है, जहां हल्की से मध्यम बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाओं की आशंका है। शहर के बाकी हिस्सों के लिए 'रेड' अलर्ट घोषित किया गया है।
यूपी के कई जिलों में भीषण गर्मी का प्रकोप
उत्तर प्रदेश में दिनभर भीषण गर्मी का असर देखने को मिला। राज्य के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री तक पहुंच गया। बांदा मंगलवार को प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, वहीं प्रयागराज, मेरठ और झांसी में भी गर्मी का प्रकोप जारी रहा। हालांकि शाम होते-होते कई जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी भी हुई। मथुरा में तेज हवाओं के चलते एक मकान का छज्जा गिर गया, जिससे 8 लोग घायल हो गए। इसी तरह इटावा में भी तेज हवाओं की वजह से भारी नुकसान हुआ। मौसम विभाग ने प्रदेश के 36 जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है, जबकि 17 जिलों में लू चलने की चेतावनी दी गई है।
राजस्थान में गर्मी से कब मिलेगी राहत
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान के कई हिस्से भीषण गर्मी की चपेट में हैं। मंगलवार को 46.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ श्रीगंगानगर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में राज्य के कुछ हिस्सों में लू चल सकती है। अगले दो दिनों तक पश्चिमी राजस्थान, खासकर जोधपुर और बीकानेर संभाग में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की उम्मीद है और इस दौरान अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री के बीच रह सकता है। कुछ इलाकों में लू भी चल सकती है। हालांकि 11 जून से राज्य के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान और बारिश की संभावना जताई जा रही है। विभाग के मुताबिक 11 से 14 जून के बीच बीकानेर, जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग के इलाकों में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान आ सकता है और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मानसून कहां तक पहुंचा
मानसून की बात करें तो दक्षिण-पश्चिम मानसून आज उत्तरी बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों तक पहुंच गया है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले चार से पांच दिनों में मानसून के पूर्वी, मध्य और पश्चिमी भारत की ओर आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून पूर्वोत्तर राज्यों के शेष हिस्सों, पूरे सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ चुका है। आईएमडी ने उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी और कूच बिहार जिलों में 13 जून तक भारी बारिश का पूर्वानुमान लगाया है।
Comments
0 comment