खेल
3 घंटे पहले
3
विचारों
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले ग्रुप-ए मुकाबले में भारतीय महिला टीम का सामना 14 जून को एजबेस्टन के मैदान पर पाकिस्तान से हुआ। इस भिड़ंत में टीम इंडिया का बल्ले और गेंद दोनों ही विभागों में दबदबा रहा और उसने 64 रनों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की।
पाकिस्तान के खिलाफ इस जीत की सबसे बड़ी नायिका स्पिन ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा रहीं। उन्होंने अपने 4 ओवरों में महज 10 रन खर्च करते हुए 5 विकेट झटके। इस मैच विनिंग प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया, जहां उन्होंने हनुमान जी को भी याद किया।
दीप्ति ने तोड़ा रेणुका सिंह का तीन साल पुराना रिकॉर्ड
पाकिस्तानी महिला टीम के खिलाफ सिर्फ 10 रन देकर 5 विकेट लेने के साथ दीप्ति शर्मा अब टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में किसी एक मुकाबले में भारत के लिए सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करने वाली खिलाड़ी बन गई हैं। उन्होंने इस मामले में रेणुका सिंह का तीन साल पुराना रिकॉर्ड पीछे छोड़ा, जिन्होंने साल 2023 के टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ 15 रन देकर 5 विकेट हासिल किए थे।
दीप्ति ने जीत का श्रेय टीम को दिया
प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिलने के बाद दीप्ति ने हनुमान जी को याद करते हुए कहा कि उन्हें इस तरह की पिच पर गेंदबाजी करना काफी पसंद है।
इस प्रदर्शन का पूरा श्रेय टीम को जाता है। हनुमान जी महान हैं। मुझे ICC टूर्नामेंट पसंद हैं, क्योंकि मैंने वहीं से शुरुआत की थी। इस पिच पर गेंद काफी अच्छी टर्न हो रही थी, इसलिए मैंने अपने हर ओवर में अपनी गति में थोड़ा बदलाव किया।
महिला टी20 वर्ल्ड कप में एक मैच में बेहतरीन भारतीय गेंदबाजी
- दीप्ति शर्मा - 10 रन देकर 5 विकेट (बनाम पाकिस्तान, साल 2026)
- रेणुका सिंह - 15 रन देकर 5 विकेट (बनाम इंग्लैंड, साल 2023)
- प्रियंका रॉय - 16 रन देकर 5 विकेट (बनाम पाकिस्तान, साल 2009)
- डायना डेविड - 12 रन देकर 4 विकेट (बनाम श्रीलंका, साल 2010)
- पूनम यादव - 19 रन देकर 4 विकेट (बनाम ऑस्ट्रेलिया, साल 2020)
वर्ल्ड कप में भारत की पांचवीं सबसे बड़ी जीत
पाकिस्तान के खिलाफ यह जीत रनों के अंतर के लिहाज से भारतीय टीम की इस प्रतिद्वंद्वी के सामने सबसे बड़ी जीत है, साथ ही यह टूर्नामेंट के इतिहास में उनकी कुल पांचवीं सबसे बड़ी जीत भी बन गई। इस सूची में पहले स्थान पर साल 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में श्रीलंका के खिलाफ मिली 82 रनों की जीत दर्ज है।
इस बड़ी जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने अंकतालिका में भी अपना खाता खोल लिया है। ग्रुप-ए में वह 2 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है और उसका नेट रनरेट 3.200 का है। पहले नंबर पर मौजूद ऑस्ट्रेलियाई टीम के भी 2 अंक हैं, लेकिन उसका नेट रनरेट 3.250 का है।
महिला टी20 वर्ल्ड कप में रनों के अंतर से भारत की सबसे बड़ी जीत
- 82 रन - बनाम श्रीलंका (साल 2024, दुबई)
- 79 रन - बनाम बांग्लादेश (साल 2014, सिलहट)
- 72 रन - बनाम बांग्लादेश (साल 2016, बेंगलुरु)
- 71 रन - बनाम श्रीलंका (साल 2010, बस्सेटेरे)
- 64 रन - बनाम पाकिस्तान (साल 2026, बर्मिंघम)
Comments
0 comment