तकनीक
एक घंटा पहले
2
विचारों
आज के दौर में हमारी जिंदगी का बड़ा हिस्सा डिजिटल दुनिया में बस चुका है। बैंकिंग से लेकर तस्वीरें, ईमेल, सोशल मीडिया खाते और अहम दस्तावेज तक—लगभग सब कुछ ऑनलाइन मौजूद रहता है। लेकिन क्या आपने कभी यह सोचा है कि किसी आपात स्थिति में अगर आपके परिवार को इन खातों तक पहुंचने की जरूरत पड़े, तो वे ऐसा कैसे कर पाएंगे?
हाल ही में सोशल मीडिया पर यह मुद्दा खूब चर्चा में रहा। इसमें बताया गया कि ज्यादातर लोग अपनी जरूरी जानकारी ऑनलाइन सहेज तो लेते हैं, मगर परिवार के लिए उस तक पहुंचने का कोई इंतजाम नहीं छोड़ते। नतीजा यह होता है कि जरूरी डेटा, बैंकिंग से जुड़ी जानकारी या निजी दस्तावेज हमेशा के लिए लॉक हो सकते हैं।
आईफोन यूजर्स के लिए Legacy Contact
एपल ने आईफोन इस्तेमाल करने वालों के लिए Legacy Contact नाम का फीचर दिया है। इसकी मदद से आप किसी भरोसेमंद व्यक्ति को अपने iCloud अकाउंट तक पहुंच देने के लिए नामित कर सकते हैं। आपकी मृत्यु के बाद वह व्यक्ति जरूरी दस्तावेज जमा करके आपकी फोटो, नोट्स, फाइलों और ईमेल तक पहुंच हासिल कर सकता है।
एंड्रॉयड और गूगल पर ये सुविधा
गूगल यूजर्स के लिए Inactive Account Manager की सुविधा मौजूद है। इसमें आप यह तय कर सकते हैं कि अकाउंट कितने समय तक निष्क्रिय रहने पर गूगल आपके चुने हुए कॉन्टैक्ट्स को सूचना भेजे। इसके बाद वे लोग Gmail, गूगल Drive और गूगल Photos जैसी सेवाओं तक पहुंच पा सकते हैं।
पासवर्ड मैनेजर में Emergency Access
इसके अलावा Bitwarden, Dashlane और LastPass जैसे लोकप्रिय पासवर्ड मैनेजर में Emergency Access फीचर मिलता है। इसमें आप किसी विश्वसनीय व्यक्ति को नामित कर सकते हैं, जो जरूरत पड़ने पर आपके पासवर्ड वॉल्ट तक पहुंच का अनुरोध कर सके।
विशेषज्ञ यह भी सलाह देते हैं कि एक छोटा सा इमरजेंसी डॉक्यूमेंट तैयार रखें। इसमें फोन का PIN, पासवर्ड मैनेजर की जानकारी, बैकअप कोड्स, बैंक अकाउंट का रेफरेंस और रिकवरी कॉन्टैक्ट जैसी जानकारियां दर्ज हों। इसे किसी सुरक्षित जगह पर रखें और इसकी जानकारी केवल भरोसेमंद व्यक्ति को ही दें।
फेसबुक पर भी मिलता है विकल्प
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म भी ऐसी सुविधाएं दे रहे हैं। उदाहरण के तौर पर फेसबुक पर आप Memorialisation Contact सेट कर सकते हैं, ताकि आपकी अनुपस्थिति में आपके अकाउंट का प्रबंधन किया जा सके।
डिजिटल युग में अब सिर्फ संपत्ति ही नहीं, बल्कि डिजिटल डेटा भी एक अहम विरासत बन चुका है। ऐसे में समय रहते इन फीचर्स को सेट कर लेना आगे चलकर आपके परिवार के लिए बड़ी मदद साबित हो सकता है।
Comments
0 comment