1.7 लाख आबादी वाला कुरासाओ फीफा वर्ल्ड कप में, हिंदू और मुस्लिम आबादी बराबर विश्व एक महीने पहले 40
कैरेबियाई द्वीप देश कुरासाओ ने पहली बार 2026 फीफा वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई कर इतिहास रच दिया है। महज करीब 1.7 लाख की आबादी और 444 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल के साथ यह टूर्नामेंट का अब तक का सबसे छोटा क्वालिफायर बन गया है।

Curacao in 2026 FIFA World Cup: इस बार फुटबॉल के सबसे बड़े मंच पर एक ऐसा देश दस्तक देने जा रहा है, जहां दशकों पहले भारत से पहुंचे लोगों की एक छोटी सी आबादी आज भी बसती है। दक्षिणी कैरेबियाई क्षेत्र का नन्हा द्वीपीय देश कुरासाओ (Curaçao) पहली बार 2026 फीफा वर्ल्ड कप में हिस्सा ले रहा है। करीब 1.7 लाख की आबादी और 444 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल वाला यह देश आबादी और क्षेत्रफल, दोनों पैमानों पर वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई करने वाला अब तक का सबसे छोटा देश बन गया है।

वेनेजुएला के उत्तर में बसा है यह द्वीप

कुरासाओ दक्षिणी कैरेबियाई सागर में स्थित एक द्वीपीय देश है, जो नीदरलैंड्स के साम्राज्य का हिस्सा है। यह वेनेजुएला से करीब 65 किलोमीटर उत्तर में और अरूबा से लगभग 80 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में पड़ता है। देश में मुख्य कुरासाओ द्वीप के साथ-साथ छोटा और निर्जन द्वीप क्लेन कुरासाओ भी शामिल है। साल 2026 के आंकड़ों के अनुसार इसकी आबादी 1.7 लाख से कुछ अधिक है और राजधानी विलेमस्टाड (Willemstad) है। अरूबा और बोनेयर के साथ मिलकर यह मशहूर ABC द्वीप समूह बनाता है।

संतरे की ड्रिंक के लिए दुनियाभर में मशहूर

कुरासाओ अपने खास संतरे से बनने वाले प्रसिद्ध 'कुरासाओ लिक्योर' के लिए पूरी दुनिया में पहचाना जाता है। यह पेय यहां पैदा होने वाले 'लाराहा' नामक खट्टे फल के सूखे छिलकों से तैयार किया जाता है। नीदरलैंड्स के साम्राज्य के भीतर अलग देश का दर्जा पाने के लिए यहां के लोगों ने लंबे समय तक संघर्ष किया। इन्हीं कोशिशों का नतीजा रहा कि वर्ष 2010 में कुरासाओ को स्वायत्तता मिली और यह नीदरलैंड्स के साम्राज्य के अंतर्गत एक स्वायत्त देश बन गया।

हिंदू और मुस्लिम आबादी एक बराबर

प्यू रिसर्च के आंकड़ों के मुताबिक, देश में सबसे बड़ी आबादी ईसाई समुदाय की है और करीब 94 प्रतिशत लोग ईसाई धर्म को मानते हैं। वहीं लगभग 3.3 प्रतिशत लोग किसी धर्म से नहीं जुड़े हैं। इसके अलावा बौद्ध, यहूदी, मुस्लिम और हिंदू समुदाय भी यहां रहते हैं। अनुमानित आंकड़ों के अनुसार कुरासाओ में हिंदुओं और मुसलमानों की संख्या बराबर है। दोनों समुदायों के करीब 340-340 अनुयायी हैं, जो कुल आबादी का लगभग 0.2 प्रतिशत हैं। इसके साथ ही यहां 849 बौद्ध और 510 यहूदी भी निवास करते हैं।

पहली बार वर्ल्ड कप तक पहुंचा कुरासाओ

कुरासाओ ने 18 नवंबर 2025 को अपने क्वालिफाइंग ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल कर पहली बार फीफा वर्ल्ड कप का टिकट कटाया। ऐसा करते हुए उसने आइसलैंड का रिकॉर्ड तोड़ते हुए वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे छोटा क्वालिफायर बनने का गौरव अपने नाम किया। 2026 फीफा वर्ल्ड कप में कुरासाओ को ग्रुप-ई में रखा गया है। उसका पहला मुकाबला 14 जून 2026 को अमेरिका के ह्यूस्टन स्थित NRG स्टेडियम में जर्मनी के खिलाफ होगा। इसके बाद 20 जून को इक्वाडोर और 25 जून को आइवरी कोस्ट के साथ उसकी भिड़ंत होगी।

नन्हे देश के लिए गर्व का बड़ा पल

करीब डेढ़ लाख की आबादी वाला यह छोटा देश अब दुनिया की सबसे बड़ी फुटबॉल प्रतियोगिता में अपनी पहचान बनाने के लिए तैयार है। सीमित संसाधनों के बावजूद वर्ल्ड कप तक पहुंचना कुरासाओ के लिए किसी सपने के सच होने से कम नहीं माना जा रहा। इस उपलब्धि को लेकर पूरे देश में जोश और उत्साह का माहौल है और लोग इसे अपने इतिहास की सबसे बड़ी खेल कामयाबियों में गिन रहे हैं।

साहिल चौहान पाबना के वर्ल्ड अफेयर्स रिपोर्टर हैं, जो अंतरराष्ट्रीय खबरें और वैश्विक मामले कवर करते हैं। विदेश नीति, कूटनीति और दुनिया भर के घटनाक्रमों पर उनकी अच्छी पकड़ है। वे जटिल वैश्विक मुद्दों को भारतीय नजरिए से समझाते हैं।

आपकी प्रतिक्रिया?

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!

फेसबुक वार्तालाप