शिक्षा
एक घंटा पहले
4
विचारों
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को राहत देते हुए उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन से जुड़ी आवेदन प्रक्रिया की समय सीमा बढ़ा दी है। यह पोर्टल 6 जून को बंद होना था, मगर छात्रों के हितों को ध्यान में रखकर इसकी अवधि 24 घंटे और बढ़ा दी गई। बोर्ड ने शुक्रवार को यह जानकारी साझा करते हुए बताया कि 12वीं की उत्तर पुस्तिकाओं के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि अब एक दिन आगे बढ़ाकर सात जून कर दी गई है।
यह फैसला उस समय लिया गया जब बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने दो जून को शुरू हुए सीबीएसई के इस पोर्टल पर उत्तर पुस्तिकाएं देखने तथा सत्यापन व पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन करते समय आ रही दिक्कतों की शिकायत की थी।
एक्स पर साझा की गई जानकारी
बोर्ड ने 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए कहा, "छात्रों के हित में, सीबीएसई ने 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाने का निर्णय लिया है, जिससे छात्रों को प्रक्रिया पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय और सहायता मिल सकेगी।"
बोर्ड ने आगे स्पष्ट किया कि पहले छह जून (मध्यरात्रि) तय की गई समय सीमा को अब बढ़ाकर सात जून (मध्यरात्रि) कर दिया गया है।
70 हजार से अधिक छात्रों ने किया आवेदन
सीबीएसई के मुताबिक अब तक 70,433 विद्यार्थी पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर चुके हैं। इनमें से 7,314 आवेदन अंकों के सत्यापन के लिए और 63,119 आवेदन पुनर्मूल्यांकन के लिए प्राप्त हुए हैं। कई विद्यार्थियों ने एक्स पर लिखा कि उन्हें पोर्टल में लॉगइन करने और भुगतान करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर बोर्ड की ओर से कहा गया कि छात्र सीधे संदेश भेजकर बोर्ड की टीम से सहायता प्राप्त कर सकते हैं। पुनर्मूल्यांकन के लिए विद्यार्थी आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in/newsite_old/rchk.html पर आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन की प्रक्रिया क्या है?
- अपनी उत्तर पुस्तिका दोबारा जांच कराने के लिए केवल वही विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने पहले इसकी फोटोकॉपी के लिए आवेदन किया था। ऐसे छात्र जांच में मिली गलतियों के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन हेतु आवेदन कर सकते हैं। आवेदक को संबंधित विषय की मार्किंग स्कीम देखनी होगी, जो प्रश्न पत्र के साथ वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी।
- पुनर्मूल्यांकन आवेदन की स्थिति उम्मीदवार के लॉगिन विवरण में अपलोड की जाएगी और वहीं उपलब्ध होगी। ध्यान रहे कि एक अंक की कटौती भी प्रभावी मानी जाएगी।
- पुनर्मूल्यांकन का परिणाम अंतिम होगा और इसके विरुद्ध किसी प्रकार की अपील या समीक्षा स्वीकार नहीं की जाएगी। बोर्ड द्वारा दिए गए अंक अंतिम तथा सभी उम्मीदवारों पर बाध्यकारी होंगे।
Comments
0 comment