इश्क बना खूनी जुनून: प्रेमी ने पिता और भाई के साथ मिलकर प्रेमिका का गला रेता, तीनों गिरफ्तार मध्य प्रदेश एक घंटा पहले 2
बालाघाट के बैहर थाना क्षेत्र में विधवा महिला सविता धुर्वे की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शादी और बच्चों के पालन-पोषण की मांग से तंग आकर प्रेमी ने पिता और भाई के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।

बालाघाट: मध्य प्रदेश के बालाघाट से एक प्रेम संबंध के खौफनाक अंजाम की खबर सामने आई है। बैहर पुलिस ने मोदीनगर में हुई विधवा महिला सविता धुर्वे की हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। इस अंधे हत्याकांड में पुलिस ने मृतिका के प्रेमी गणेश शिवालिया को गिरफ्तार किया है, जिसने प्रेमिका से पीछा छुड़ाने के लिए अपने पिता बुधराम शिवालिया और भाई बलराम शिवालिया के साथ मिलकर धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया था।

चार बच्चों के सिर से उठ गया मां का साया

इस वारदात ने मृतिका के मासूम बच्चों को गहरे सदमे में डाल दिया है। बैहर के मोदीनगर में 12 जून को विधवा महिला सविता धुर्वे की उसके निर्माणाधीन मकान में खून से लथपथ लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। दुखद पहलू यह है कि मृतिका के चार बच्चे हैं, जिन्हें वह अपनी दूसरी शादी के बाद भी अपने पास रखना चाहती थी। शुरुआत में आरोपी का कोई सुराग नहीं था, लेकिन पुलिस ने जब तथ्यों की बारीकी से जांच की तो पता चला कि मृतिका के घर पर गणेश उर्फ कृष्णा शिवालिया का आना-जाना था।

प्रेमिका से छुटकारा पाने के लिए रची गई खूनी साजिश

इन्हीं जानकारियों के आधार पर पुलिस ने गणेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने पूरी वारदात का खुलासा कर दिया। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने पिता बुधराम और भाई बलराम के साथ मिलकर इस हत्या की साजिश को अंजाम दिया था। एसडीओपी अरविंद शाह के अनुसार, सविता धुर्वे के पति की मृत्यु के बाद से ही उसका मुख्य आरोपी गणेश शिवालिया के साथ करीब ढाई साल से प्रेम संबंध चल रहा था। समय बीतने के साथ व्यक्तिगत और पारिवारिक कारणों से दोनों के बीच मतभेद बढ़ने लगे। मृतिका लगातार आरोपी से शादी करने और अपने बच्चों के पालन-पोषण की मांग करती रहती थी। इसी वजह से गणेश की शादी का रिश्ता भी टूट गया, जिससे वह मृतिका से नाराज और परेशान रहने लगा था।

बेरहमी से गला रेतकर ली जान

वारदात से पहले आरोपी महाराष्ट्र के नागपुर में था और वहीं से वह अपने घर लौटा। घर आकर गणेश ने अपने पिता और भाई के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई और इसी साजिश के तहत प्रेमिका की हत्या कर दी। हत्या के बाद पिता-पुत्र ने मुख्य आरोपी गणेश को फरार होने में मदद की और खून से सने कपड़ों को जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश की। इस अंधे हत्याकांड में आरोपी प्रेमी कृष्णा उर्फ गणेश शिवालिया, उसके पिता बुधराम शिवालिया और भाई बलराम शिवालिया, तीनों निवासी ग्राम कोहका को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए कटर, मोबाइल और अन्य सामग्री जब्त कर ली है।

चेतन शुक्ला
Official Verified Account

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!