पंजाब चुनाव की तैयारी में जुटे सभी दल, बीजेपी ने की रणनीतिक बैठक, AAP और कांग्रेस ने भी कसी कमर पंजाब एक घंटा पहले 2
पंजाब में विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। बीजेपी ने मुख्यालय में बड़ी बैठक की, जबकि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने भी अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं।

चंडीगढ़: पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं और अब इसमें एक साल से भी कम का समय रह गया है। यही वजह है कि राज्य के सभी प्रमुख राजनीतिक दल अपने-अपने स्तर पर चुनावी तैयारियों में जुट गए हैं। इसी कड़ी में बीजेपी मुख्यालय में आज भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों की विस्तृत बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में गृहमंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी शामिल हुए। इनके अलावा पंजाब बीजेपी के कई बड़े नेताओं ने भी इसमें हिस्सा लिया।

बैठक में मौजूद रहे पंजाब के प्रमुख नेता

प्राप्त जानकारी के अनुसार बैठक में पंजाब बीजेपी के अध्यक्ष सरदार केवल ढिल्लों, सुनील जाखड़, संगठन मंत्री श्रीनिवासलु, अश्विनी शर्मा और इकबाल सिंह लालपुरा भी उपस्थित रहे। बताया जा रहा है कि बैठक में पंजाब चुनाव की तैयारियों और रणनीति को लेकर गहन चर्चा हुई। उल्लेखनीय है कि बंगाल में चुनावी सफलता के बाद अब पार्टी की निगाहें पंजाब फतह करने पर टिकी हैं। यही कारण है कि बीजेपी के सभी बड़े पदाधिकारी अभी से चुनावी रणनीति बनाने में सक्रिय हो गए हैं।

केजरीवाल ने किया रोड शो

दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी पंजाब में दोबारा सत्ता में लौटने के लिए अपनी रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बार भी पंजाब में मुख्यमंत्री पद के चेहरे के रूप में भगवंत मान को ही सामने रखा गया है। इस अवसर पर केजरीवाल ने कहा कि उन्हें एक बार फिर मुख्यमंत्री बनाना है। गौरतलब है कि शुक्रवार को अरविंद केजरीवाल ने बठिंडा में मुख्यमंत्री भगवंत मान, मनीष सिसोदिया और प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा के साथ रोड शो किया।

भगवंत मान ही होंगे मुख्यमंत्री पद के दावेदार

अरविंद केजरीवाल ने कहा, ''मुझे जानकारी मिली है कि चुनाव फरवरी 2027 के बजाय नवंबर 2026 में होंगे। इस लिहाज से अब केवल चार महीने ही बचे हैं। हमें अभी से काम में जुट जाना चाहिए और भगवंत मान को दोबारा मुख्यमंत्री बनाना है।'' इसके साथ ही उन्होंने हाल में हुए पंजाब नगर निकाय चुनावों में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों की जीत के लिए जनता का आभार भी जताया। बता दें कि आम आदमी पार्टी ने 8 नगर निगमों, 75 नगर परिषदों और 19 नगर पंचायतों की कुल 1,977 वार्ड सीटों में से 958 पर जीत हासिल की है।

कांग्रेस ने भी कसी कमर

बीजेपी और आप के साथ-साथ कांग्रेस भी पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट चुकी है। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने कहा कि 2027 में होने वाला विधानसभा चुनाव पार्टी मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी के नेतृत्व में लड़ेगी। जब उनसे यह पूछा गया कि पंजाब चुनाव की कमान कौन संभालेगा, तो उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस खरगे और राहुल गांधी के नेतृत्व में ही मैदान में उतरेगी और इसमें ''कोई संदेह नहीं है।'' उन्होंने यह भी कहा कि वह एक पार्टी कार्यकर्ता हैं और आगे भी कार्यकर्ता के रूप में काम करते रहेंगे।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!