बिहार
एक घंटा पहले
2
विचारों
गर्मी की छुट्टियों में लोग घूमने के लिए तरह-तरह के ठिकाने तलाशते हैं। कोई अपने ही राज्य में सैर पर निकलता है तो कोई राज्य से बाहर का रुख करता है। लेकिन शायद आपको पता न हो कि बिहार के भागलपुर में भी घूमने-फिरने की कई खास जगहें मौजूद हैं। यहां आप बिहार के इतिहास से रूबरू होने के साथ-साथ घूमने का भरपूर आनंद भी ले सकते हैं। अगर आप कहीं जाने की योजना बना रहे हैं तो भागलपुर का विक्रमशिला आपके लिए शानदार विकल्प साबित हो सकता है। यहां कदम रखते ही ऐसा एहसास होता है मानो किसी फिल्मी दुनिया में पहुंच गए हों। यही वजह है कि यहां विदेशों से भी पर्यटक खिंचे चले आते हैं।
क्या है विक्रमशिला की कहानी
दरअसल, भागलपुर का इतिहास बेहद पुराना और समृद्ध रहा है। यहां कई ऐसी ऐतिहासिक धरोहरें मौजूद हैं, जिनके बारे में जानकर हर कोई तारीफ किए बिना नहीं रह पाता। विक्रमशिला कभी एक विश्वविद्यालय हुआ करता था, जिसे बाद में ध्वस्त कर दिया गया। यह विश्वविद्यालय एक बहुत बड़े भूखंड पर फैला हुआ था, जहां सामान्य शिक्षा के साथ-साथ तांत्रिक विद्या की पढ़ाई भी कराई जाती थी। इसमें दाखिला लेने के लिए छात्रों को एक खास तरह की प्रवेश प्रक्रिया से होकर गुजरना पड़ता था।
दाखिले के लिए देने पड़ते थे 7 इंटरव्यू
आज के दौर में परीक्षा पास करने के बाद नामांकन होता है, लेकिन उस जमाने में विश्वविद्यालय के द्वारपाल ही छात्रों का इंटरव्यू लिया करते थे। इसमें सफल होने के बाद ही दाखिला मिल पाता था। यहां सात द्वार हुआ करते थे और हर द्वार पर अलग से इंटरव्यू देना पड़ता था। अगर कोई छात्र किसी एक द्वार पर भी इंटरव्यू में नाकाम रहता, तो उसे वहीं से वापस लौटना पड़ता था। यही इस विश्वविद्यालय की सबसे बड़ी विशेषता मानी जाती थी। आज जहां यहां के बच्चे पढ़ाई के लिए विदेश जाते हैं, वहीं उस समय विदेशों से छात्र यहां पढ़ने आया करते थे।
अब बाकी रह गया है सिर्फ स्तूप
आज विक्रमशिला विश्वविद्यालय में केवल स्तूप ही शेष बचा है, जहां बैठकर कभी छात्र शिक्षा ग्रहण किया करते थे। भवनों के अवशेष भी आज तक मौजूद हैं। इतिहासकार सुनील सिंह बताते हैं कि विक्रमशिला में आज जो भवन दिखाई देता है, वह कभी कार्यालय के रूप में इस्तेमाल होता था। यहां साल भर सैलानियों की भीड़ लगी रहती है और दूर-दूर से लोग घूमने पहुंचते हैं।
कैसे पहुंचें विक्रमशिला
आप भागलपुर से सीधे कहलगांव या विक्रमशिला स्टेशन पहुंच सकते हैं और वहां से बड़ी आसानी से विक्रमशिला घूमने जा सकते हैं। यहां की सैर आपको एक बिल्कुल अलग और यादगार अनुभव देगी।
Comments
0 comment