मनोरंजन
2 घंटे पहले
3
विचारों
बॉलीवुड के दमदार अभिनेता सनी देओल एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचाने की तैयारी में हैं। अपने जोरदार और भावनात्मक अंदाज से करोड़ों दर्शकों के दिलों पर छाप छोड़ने वाले सनी देओल अब आमिर खान के प्रोडक्शन तले तैयार हो रही 'बंटवारा 1947' के साथ बड़े पर्दे पर लौट रहे हैं। हाल ही में फिल्म का मोशन पोस्टर सामने आया था और अब मेकर्स ने इसके कैरेक्टर पोस्टर भी जारी कर दिए हैं। इन पोस्टरों के साथ ही फिल्म के कलाकारों और उनके किरदारों से पर्दा हट गया है। पोस्टरों में ताकत, मासूमियत और अडिग जज्बे से भरे अलग-अलग चेहरे दिखाई देते हैं, जिन्हें देखते ही सोशल मीडिया यूजर्स ने तुरंत प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं।
'बंटवारा 1947' के कैरेक्टर पोस्टर जारी
आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी 'बंटवारा 1947' को लेकर दर्शकों में लगातार उत्साह बना हुआ है। इसी जोश को देखते हुए मेकर्स ने उन किरदारों को सामने रखा है, जो विभाजन के दौर में साहस और उम्मीद की पहचान बनकर उभरे थे। ये वही चेहरे हैं, जिन्होंने उस समय दूसरों के लिए डटकर खड़े रहने का हौसला दिखाया, जब उनके इर्द-गिर्द की पूरी दुनिया बिखर रही थी।
इन कलाकारों की झलक आई सामने
फिल्म की दुनिया को दर्शकों के और करीब लाते हुए मेकर्स ने कई कैरेक्टर पोस्टर साझा किए हैं। इनमें शबाना आजमी 'दुर्गावती देवी' (माई) के किरदार में, सनी देओल 'सिकंदर मिर्जा' के रूप में, प्रीति जी. जिंटा 'हमीदा बेगम' के रूप में, करण देओल 'जावेद मिर्जा' के किरदार में, अली फजल 'हबीब अनवर' के रूप में और अभिमन्यु सिंह 'याकूब खान' के किरदार में नजर आ रहे हैं। यह फिल्म उन लोगों की कहानी कहेगी, जिन्होंने बंटवारे के मुश्किल दौर में भी हार नहीं मानी और अपने साहस तथा धैर्य की मिसाल कायम की।
कब रिलीज होगी फिल्म?
राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी 'बंटवारा 1947' में सनी देओल मुख्य भूमिका में दिखाई देंगे। आमिर खान प्रोडक्शंस तले बनी इस फिल्म के जरिए लगभग तीन दशक बाद राजकुमार संतोषी और सनी देओल फिर से साथ काम कर रहे हैं। फिल्म का संगीत ए. आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। इसका निर्माण आमिर खान और अपर्णा पुरोहित ने किया है। यह फिल्म स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
Comments
0 comment