विश्व
एक घंटा पहले
2
विचारों
अमेरिका इन दिनों खुद को भारतीय जहाजों के संरक्षक के रूप में पेश करने में जुटा हुआ है। इसी कथानक को आगे बढ़ाते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा किया है कि बीती रात ईरान ने भारतीय जहाजों पर हमला किया था, जिसे अमेरिकी नौसेना ने नाकाम कर दिया। अब अमेरिकी रक्षा मंत्रालय के एक अधिकारी ने होर्मुज में हुई इस घटना की पूरी समयरेखा सामने रखी है।
होर्मुज में बीती रात आखिर क्या हुआ?
होर्मुज क्षेत्र में भारतीय जहाजों पर हमले का मामला सामने आने के बाद अमेरिका ने ईरान पर गंभीर आरोप लगाया है। ट्रंप के दावे के बाद रक्षा मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने एक मीडिया संस्थान से बातचीत में उस रात की पूरी जानकारी साझा की, जब ईरान ने समंदर के बीच भारतीय जहाजों को निशाना बनाने की कोशिश की। अधिकारी का कहना है कि ईरान ने एक नहीं, बल्कि दो-दो ड्रोन भेजे थे।
अधिकारी ने स्पष्ट किया कि बीती रात ईरान ने एकतरफा हमला करने वाले दो घातक आत्मघाती ड्रोन सीधे भारतीय जहाजों की ओर दागे थे। इन्हें देखते ही अमेरिकी सेना सतर्क हो गई और ऐन वक्त पर इन्हें हवा में ही नष्ट कर दिया गया। उनके मुताबिक यह घटना उस समय हुई जब भारतीय चालक दल और भारतीय सामान से लदे व्यापारिक जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर ओमान की खाड़ी की ओर बढ़ रहे थे।
'वन-वे अटैक ड्रोन' यानी उड़ते हुए बम
अधिकारी के अनुसार अमेरिकी रडार और सैटेलाइट ने अचानक ईरानी तट से दो उड़ती हुई संदिग्ध चीजों को भारतीय जहाजों की ओर बेहद तेज रफ्तार से बढ़ते हुए ट्रैक किया। ये कोई सामान्य निगरानी करने वाले ड्रोन नहीं थे, बल्कि सैन्य भाषा में इन्हें 'वन-वे अटैक ड्रोन' (OWA Drones) यानी उड़ते हुए आत्मघाती बम कहा जाता है। इनका एकमात्र मकसद अपने लक्ष्य से टकराकर खुद को विस्फोट कर देना होता है।
चंद सेकंड की देरी से टल सकता था बड़ा हादसा
अधिकारी द्वारा दी गई समयरेखा के मुताबिक, जैसे ही दोनों आत्मघाती ड्रोन ने भारतीय जहाजों को निशाने पर लिया, इलाके में गश्त कर रहे अमेरिकी युद्धपोत तुरंत एक्शन मोड में आ गए। अमेरिकी नौसेना के एयर डिफेंस सिस्टम ने तत्काल जवाबी कार्रवाई की।
उनका दावा है कि अगर अमेरिकी नौसेना इस जवाबी हमले में चंद सेकंड की भी देरी कर देती, तो ये आत्मघाती ड्रोन सीधे भारतीय जहाजों के डेक पर जाकर फट जाते और समंदर के बीच बेहद बड़ा हादसा हो सकता था, जिसमें जान-माल का भारी नुकसान संभव था।
ट्रंप की ईरान को कड़ी चेतावनी
रक्षा अधिकारी के इस खुलासे ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस तीखी सोशल मीडिया पोस्ट पर भी मुहर लगा दी है, जिसमें उन्होंने ईरान को चेतावनी दी थी।
होर्मुज जलडमरूमध्य से निकल रहे भारतीय जहाजों के खिलाफ बीती रात ईरान द्वारा किया गया ड्रोन हमला, जिसे पूरी तरह नाकाम कर दिया गया, यह हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बेहतर होगा कि वे अपनी हरकतें सुधार लें, और वह भी तेजी से।
फिलहाल इस पूरे मामले और ट्रंप के बयान पर ईरान की ओर से किसी तरह की कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
Comments
0 comment