उत्तर प्रदेश
5 घंटे पहले
2
विचारों
आगरा में मोमोज का शौक हर उम्र के लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है। बाजारों में आजकल कई तरह के मोमोज मिलने लगे हैं, लेकिन इनमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री को लेकर सेहत की चिंता बनी रहती है। अगर आप भी मोमोज के दीवाने हैं, तो बाहर के अनहेल्दी विकल्प के बजाय इन्हें घर पर ही आसानी से बना सकते हैं। आगरा की फूड एक्सपर्ट बबिता ने रेस्टोरेंट जैसा स्वाद देने वाली 'वेज बटर स्टीम मोमोज' की बेहद सरल रेसिपी साझा की है, जिसमें साफ और ताजा सब्जियों का उपयोग होने के कारण यह सेहत को उतना नुकसान नहीं पहुंचाते।
मोमोज बनाने के लिए जरूरी सामग्री
फूड एक्सपर्ट के मुताबिक वेज बटर मोमोज तैयार करने के लिए मैदा, पत्ता गोभी, शिमला मिर्च, गाजर, ताजा हरा धनिया, लहसुन और स्वादानुसार सब्जियों की आवश्यकता होती है। उन्होंने बताया कि इसमें पिघले हुए बटर (मक्खन) का इस्तेमाल किया जाता है, ताकि उसे आसानी से मोमोज पर लगाया जा सके। इन्हें घर पर इडली मेकर या मोमोज मेकर में बड़ी आसानी से स्टीम किया जा सकता है। बाजार के मुकाबले घर के मोमोज सेहत को कम नुकसान पहुंचाते हैं, फिर भी इन्हें सीमित मात्रा में ही खाने की सलाह दी जाती है।
सबसे पहले ऐसे गूंथें मैदा
बबिता ने बताया कि सबसे पहले गुनगुने पानी में मैदा को अच्छी तरह गूंथ लेना है। इसके बाद इसे 15-20 मिनट के लिए ढककर रख दें, ताकि वह थोड़ा फूल जाए। इस दौरान मोमोज के लिए वेज स्टफिंग तैयार की जा सकती है।
ऐसे तैयार करें वेज स्टफिंग
उन्होंने बताया कि स्टफिंग के लिए पत्ता गोभी, गाजर, शिमला मिर्च, हरा धनिया और लहसुन आदि को बारीक-बारीक काट लें। सब्जियां कटने के बाद उनमें थोड़ा नमक मिलाकर 5 मिनट के लिए छोड़ दें। 5 मिनट बाद देखेंगे कि सब्जियां पानी छोड़ रही हैं, ऐसे में उस पानी को पूरी तरह निचोड़ लें, जिससे मोमोज फटने न पाएं।
फिलिंग में मसाले और स्टीम करने का तरीका
बबिता के अनुसार अब तैयार सब्जियों में मसाले मिलाने हैं। इसके लिए थोड़ा गरम मसाला, थोड़ा मैगी मसाला, थोड़ा अजीनोमोटो और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। इस तरह मोमोज के लिए वेज फिलिंग तैयार हो जाती है।
इसके बाद फूले हुए मैदा की छोटी और पतली-पतली पूरी जैसी लोई बेलकर उसमें तैयार वेज मिक्सचर भर दें और स्टीम करने के लिए बर्तन में रख दें। इसे करीब 15-20 मिनट तक अच्छी तरह स्टीम होने तक पकने दें। बीच-बीच में मोमोज को हल्के हाथों से पलटा भी जा सकता है, ताकि वे पूरी तरह स्टीम हो जाएं और कहीं से कच्चे न रहें।
बाजार से बेहतर क्यों हैं घर के मोमोज?
फूड एक्सपर्ट बबिता का कहना है कि बाहर मिलने वाले मोमोज अनहेल्दी होते हैं। हालांकि मैदा सेहत और पेट के लिए नुकसानदेह माना जाता है, फिर भी घर के बने ताजा मोमोज उतना नुकसान नहीं करते, जितना बाहर के मोमोज करते हैं। उन्होंने बताया कि घर में बनने वाले मोमोज में शुद्ध और ताजा सब्जियां डाली जाती हैं, जबकि बाहर के मोमोज में क्या-क्या मिलाया जाता है, यह किसी को पता नहीं होता।
उन्होंने सलाह दी कि जब भी मोमोज खाने का मन हो, तो इस आसान विधि से घर पर ही बनाकर इनका आनंद लिया जा सकता है। हालांकि सेहत बनाए रखने के लिए इन्हें हमेशा सीमित मात्रा में ही खाना चाहिए।
Comments
0 comment