व्यापार
एक घंटा पहले
2
विचारों
देश के 12 सरकारी बैंकों में से 8 बैंकों ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान कुल मिलाकर 13,223 कर्मचारियों को नौकरी दी। इन ताजा नियुक्तियों के बाद इन आठ बैंकों में काम करने वाले कुल कर्मचारियों का आंकड़ा 6.28 लाख को पार कर गया है। इस पूरे दौर में सबसे ज्यादा भर्तियां देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने कीं। बैंकों की सालाना रिपोर्ट से सामने आए आंकड़ों के अनुसार, 31 मार्च, 2026 को इन 8 सरकारी बैंकों का कुल वर्कफोर्स 6,28,203 दर्ज किया गया, जो वित्त वर्ष 2024-25 में 6,14,980 था।
किन बैंकों ने बढ़ाई कर्मचारियों की संख्या
बीते वित्त वर्ष में 13,223 लोगों को नौकरी देने वाले इन 8 सरकारी बैंकों में भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन बैंक, यूको बैंक और बैंक ऑफ महाराष्ट्र शामिल हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, बाकी बचे 4 सरकारी बैंकों- पंजाब एंड सिंध बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया और इंडियन ओवरसीज बैंक ने अब तक अपनी सालाना रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की है।
एसबीआई ने कीं सबसे ज्यादा 8,905 नियुक्तियां
एसबीआई ने अपने वर्कफोर्स का विस्तार करते हुए पिछले वित्त वर्ष में सबसे अधिक 8,905 कर्मचारियों को नियुक्त किया। इसके साथ देश के इस सबसे बड़े बैंक का स्टाफ वित्त वर्ष 2025-26 में बढ़कर 2,45,131 पर पहुंच गया, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में यह 2,36,226 था। डिजिटलाइजेशन और बैंकिंग के बढ़ते ऑटोमेशन के बावजूद कर्मचारियों की संख्या में हुई यह बढ़ोतरी इस बात का साफ संकेत है कि सरकारी बैंक अपने विस्तार, ग्राहक सेवा और टेक्नोलॉजी आधारित बदलावों के लिए आज भी बड़े वर्कफोर्स पर निर्भर हैं।
कुल वृद्धि में एसबीआई की हिस्सेदारी 67 प्रतिशत
कर्मचारियों की यह बढ़ोतरी ऐसे दौर में सामने आई है, जब सरकारी बैंक बेहतर वित्तीय प्रदर्शन, मजबूत खातों और कारोबार में तेज वृद्धि दर्ज कर रहे हैं। यही वजह है कि वे टेक्नोलॉजी, रिस्क मैनेजमेंट, ऑपरेशन्स और ब्रांच बैंकिंग जैसे क्षेत्रों में अपने मानव संसाधन को मजबूत कर रहे हैं। कुल मिलाकर हुई इस बढ़ोतरी में अकेले एसबीआई का योगदान सबसे अधिक 67 प्रतिशत रहा। वहीं बैंक ऑफ बड़ौदा ने 1,685 कर्मचारियों को नौकरी दी, जिससे इसका वर्कफोर्स 75,008 से बढ़कर 76,693 हो गया।
अन्य बैंकों ने कितने लोगों को दी नौकरी
इसके अलावा बैंक ऑफ महाराष्ट्र ने 1,005 कर्मचारियों की नियुक्ति की, जिसके बाद इसका स्टाफ 14,591 से बढ़कर 15,596 पर पहुंच गया। केनरा बैंक ने 567 लोगों को नौकरी दी और इसके साथ उसका वर्कफोर्स 81,827 हो गया। पंजाब नेशनल बैंक ने 527 कर्मचारियों को नियुक्त किया, जिससे उसके कर्मचारियों की कुल संख्या 96,738 हो गई। बैंक ऑफ इंडिया का स्टाफ 446 कर्मचारियों की बढ़त के साथ 51,010 पर पहुंचा, जबकि इंडियन बैंक ने 153 कर्मचारियों की भर्ती की, जिसके बाद उसके कुल कर्मचारियों की संख्या 40,224 हो गई।
Comments
0 comment