क्राइम
एक घंटा पहले
3
विचारों
मध्य प्रदेश के छतरपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने शराबी पति की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के समय पति अपनी पत्नी के मायके पहुंचा था और कहासुनी के बाद हुई मारपीट में उसकी जान चली गई। आरोपी महिला की पहचान नीलम कुशवाहा के रूप में हुई है। नीलम ने पहले अपने पति को लाठी-डंडे से पीट-पीटकर मार डाला और इसके बाद करीब आठ घंटे तक शव के पास ही बैठी रही। शव के पास से उठने के बाद वह पास के एक मंदिर पहुंची, जहां करीब 10 मिनट तक भगवान के सामने चुपचाप बैठकर माफी मांगती रही। बाद में उसने खुद पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
चार साल से मायके में रह रही थी नीलम
नीलम पिछले चार वर्षों से अपने पति दीनदयाल कुशवाहा से अलग होकर अपने मायके में रह रही थी। एक जून को दीनदयाल नशे की हालत में नीलम के मायके जा पहुंचा। नीलम का आरोप है कि दीनदयाल पूरी तरह नशे में धुत्त था और उसने दरवाजा तोड़कर उसके बेटे को उल्टा लटका दिया। इससे वह बुरी तरह डर गई, क्योंकि उसे आशंका थी कि कहीं उसका पति उनके बच्चे की जान न ले ले। यह देखते ही नीलम ने गुस्से में आकर पास पड़ी लाठी उठाई और दीनदयाल पर वार कर दिया। पहले ही वार में दीनदयाल पलंग पर गिर पड़ा।
पति की हत्या के बाद मंदिर पहुंची नीलम
लाठी के बाद नीलम ने डंडा उठाया और लगातार दीनदयाल पर वार करती रही। खून से लथपथ दीनदयाल की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद नीलम करीब आठ घंटे तक उसके शव के पास ही बैठी रही। फिर वह पास के एक मंदिर पहुंची और करीब दस मिनट तक भगवान के सामने बैठकर क्षमा मांगती रही। इसके बाद वह सीधे सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन गई और घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। रात करीब 8 बजे थाने पहुंचकर उसने थाना प्रभारी (एसएचओ) को बताया कि उसने अपने पति की हत्या कर दी है। पुलिस को घर के अंदर चारपाई पर दीनदयाल का शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर पहलू से छानबीन की जा रही है।
Comments
0 comment