भारत
एक घंटा पहले
2
विचारों
दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार रात से बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला बना हुआ है। बारिश से जहां लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिली, वहीं तेज हवाओं ने कई जगह नुकसान भी पहुंचाया। मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी करते हुए लोगों को कमजोर इमारतों और पेड़ों के नीचे शरण न लेने की चेतावनी दी है। उत्तर भारत के अधिकांश इलाकों में प्री मानसून गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं और आने वाले 2-3 दिन में मानसून के उत्तर प्रदेश तक पहुंचने का अनुमान है। हालांकि राजस्थान में अब भी भीषण गर्मी का सितम जारी है, जहां गुरुवार को जैसलमेर में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कुछ और हिस्सों, तमिलनाडु तथा पुडुचेरी के बचे हुए क्षेत्रों, बंगाल की खाड़ी के साउथ-वेस्ट, वेस्ट-सेंट्रल और नॉर्थ-वेस्ट इलाकों, पश्चिम बंगाल के कुछ और हिस्सों तथा बिहार के कुछ क्षेत्रों में आगे बढ़ चुका है। बिहार में मानसून मधुबनी तक दस्तक दे चुका है। अगले 2-3 दिनों में इसके महाराष्ट्र के कुछ और हिस्सों, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल और बिहार के कुछ और क्षेत्रों, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड तथा उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना है।
दिल्ली में भारी बारिश और रेड अलर्ट
गुरुवार रात तेज हवाओं और बारिश के बाद दिनभर की उमस और भीषण गर्मी से राहत महसूस की गई। शहर के कई इलाकों में मौसम ने तेजी से करवट ली और आसमान काले बादलों से घिर गया। दिल्ली के अनेक हिस्सों में तेज हवाएं चलीं, बिजली कड़की और कई स्थानों पर बारिश हुई। आंधी-तूफान की इन गतिविधियों के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग ने राजधानी के लिए अगले कुछ घंटों का रेड अलर्ट जारी किया है और खराब मौसम में सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम कार्यालय ने तूफान, आकाशीय बिजली गिरने और 70-80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान जताया है, जो 90 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। शहर में अधिकांश स्थानों पर बारिश तथा अलग-अलग जगहों पर मध्यम बारिश की भी संभावना है। आईएमडी ने लोगों से कहा है कि वे खराब मौसम के दौरान सुरक्षित इमारतों में रहें, कमजोर ढांचों से दूरी बनाएं, खिड़कियों से दूर रहें, पेड़ों के नीचे न रुकें और जलाशयों के पास जाने से बचें।
बिहार में मानसून की दस्तक
दक्षिण पश्चिम मानसून पूरे केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के अधिकांश इलाकों के साथ-साथ महाराष्ट्र, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, बिहार के कुछ स्थानों और उत्तर पूर्व भारत तक पहुंच चुका है। इस हफ्ते मानसून के कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के बचे हुए भागों, महाराष्ट्र के कुछ और स्थानों, पश्चिम बंगाल, बिहार, छत्तीसगढ़, उड़ीसा, झारखंड तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में आगे बढ़ने की संभावना है।
पिछले सप्ताह 26 फीसदी कम बारिश
बीते हफ्ते एक पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर पश्चिम भारत, उत्तर भारत, पूर्वी भारत, मध्य भारत और उत्तर पूर्व भारत में तूफान और वज्रपात की स्थिति बनी रही। वहीं दक्षिण भारत, पूर्वी भारत और उत्तर पूर्व भारत में भारी बारिश के साथ तूफान और वज्रपात देखने को मिला। पिछले हफ्ते देशभर में सामान्य से 26% कम बारिश हुई और दक्षिण पश्चिम मानसून की बारिश में भी 26% की कमी दर्ज की गई।
अगले सप्ताह कैसा रहेगा मौसम
तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, उत्तर तमिलनाडु, उत्तर केरल, कर्नाटक और पंजाब में सामान्य से अधिक बारिश की संभावना है। दूसरी ओर, गोवा, कोस्टल कर्नाटक, उत्तर पूर्व भारत के कुछ इलाकों और देश के अधिकांश स्थानों पर सामान्य से कम बारिश के आसार हैं। राजस्थान और गुजरात को छोड़कर देश के ज्यादातर हिस्सों में अगले सप्ताह बारिश की संभावना जताई गई है। उत्तर पश्चिम भारत में 12 जून तक तापमान 5 से 7 डिग्री तक गिर सकता है, जबकि इसके बाद तापमान में 3 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी की संभावना है।
Comments
0 comment