धर्म
10 घंटे पहले
3
विचारों
Main Entrance Vastu: घर का मुख्य दरवाजा वह स्थान है जहां से ऊर्जा भीतर प्रवेश करती है। सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह निरंतर बना रहे, इसके लिए इसके चारों ओर का माहौल स्वच्छ, खुला और संतुलित होना जरूरी है। यदि मेन गेट के सामने किसी प्रकार का वास्तु दोष हो, तो घर में नकारात्मकता प्रवेश करने लगती है। इसका सीधा प्रभाव परिवार की सुख-समृद्धि, आर्थिक हालात और सदस्यों के स्वास्थ्य पर पड़ता है। आइए जानते हैं कि मुख्य द्वार के सामने किन वस्तुओं या स्थितियों का होना अशुभ माना गया है।
1. गड्ढा या पानी जमा होना तुरंत ठीक कराएं
अगर आपके घर के मुख्य द्वार के ठीक सामने गड्ढा हो या वहां कीचड़ और पानी जमा रहता हो, तो उस जगह को बिना देरी किए समतल करा लेना चाहिए, क्योंकि वास्तु में इसे शुभ नहीं माना जाता। माना जाता है कि ऐसी स्थिति घर में नकारात्मकता बढ़ाती है और मानसिक तनाव का वातावरण बनाए रखती है।
2. गंदे पानी का बहाव
मुख्य द्वार के सामने गंदा पानी या खुली नाली होना किसी भी घर की सुंदरता पर ग्रहण लगा देता है। वास्तु के अनुसार यह आर्थिक नुकसान का संकेत माना जाता है। इससे धन का प्रवाह बाधित हो सकता है और गैर-जरूरी खर्च बढ़ने की आशंका रहती है।
3. सामने न हो कुआं
शहरों में जगह की कमी के चलते अब कुएं दिखना दुर्लभ हो गया है, लेकिन ग्रामीण इलाकों में आज भी कई घरों में कुआं देखने को मिलता है। यदि घर के प्रवेश द्वार के एकदम सामने कुआं हो, तो इसे स्वास्थ्य के लिहाज से प्रतिकूल माना जाता है। ऐसी स्थिति परिवार के सदस्यों की सेहत पर नकारात्मक असर डाल सकती है।
4. खंभा भी बन सकता है बाधा
मुख्य द्वार के सामने बिजली या टेलीफोन का खंभा होना भी वास्तु दोष की श्रेणी में आता है। इससे घर की ऊर्जा का संतुलन गड़बड़ा सकता है और परिवार की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। यदि आपके घर के सामने भी इस तरह का कोई स्तंभ या खंभा है तो उसे हटवाने में देर न करें।
5. ऐसी सीढ़ियां रोकती हैं धन संचय
मेन डोर के एकदम सामने सीढ़ियां होना धन संचय में रुकावट पैदा कर सकता है। वास्तु मान्यताओं के मुताबिक, घर में इस प्रकार की सीढ़ियां होने पर आर्थिक स्थिरता के प्रभावित होने की संभावना और अधिक बढ़ जाती है।
6. द्वार के सामने दूसरा द्वार
अगर मुख्य द्वार के ठीक सामने या उसके ऊपर कोई दूसरा दरवाजा हो, तो इसे भी वास्तु दोष माना जाता है। कहा जाता है कि ऐसी स्थिति में सकारात्मक ऊर्जा घर में टिक नहीं पाती।
7. छाया वेध का रखें ध्यान
किसी बड़े पेड़ या ऊंची इमारत की छाया का लगातार घर के मुख्य द्वार पर पड़ना छाया वेध कहलाता है। वास्तु में इसे जीवन में उतार-चढ़ाव और अस्थिरता का कारण माना गया है।
वास्तु दोष दूर करने के उपाय
यदि इन परिस्थितियों से बच पाना संभव न हो, तो कुछ सरल उपायों से इनका असर कम किया जा सकता है। मुख्य द्वार पर सुंदर तोरण और स्वास्तिक लगाएं तथा प्रवेश द्वार के पास वास्तु दर्पण का प्रयोग करें। इसके अलावा मेन गेट के सामने तुलसी या मनी प्लांट रखना भी सकारात्मक ऊर्जा का संतुलन बनाए रखने में कारगर माना जाता है।
Comments
0 comment