वाराणसी: बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर मिली नर्सिंग छात्रा की लाश, प्राइवेट पार्ट से बह रहा था खून उत्तर प्रदेश 2 घंटे पहले 2
वाराणसी के सारनाथ इलाके में एक जीएनएम छात्रा का शव संदिग्ध हालत में एक बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर मिला, जिससे सनसनी फैल गई। बैग से गर्भपात की दवाएं मिलने के बाद उसके सहपाठी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

उत्तर प्रदेश के वाराणसी के सारनाथ क्षेत्र से एक झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर एक नर्सिंग छात्रा का शव बेहद खौफनाक हालत में पाया गया। छात्रा के प्राइवेट पार्ट से खून बह रहा था और उसके कपड़े खून से पूरी तरह भीगे हुए थे। शव के पास ही एक बैग और कुछ दवाएं भी बिखरी पड़ी थीं। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

शुरुआती जांच में चौंकाने वाला खुलासा

फिलहाल मौत की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है और सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आ सकेगी। पुलिस मामले की हर कोण से छानबीन कर रही है। प्रारंभिक जांच में एक हैरान करने वाली बात पता चली है कि छात्रा के बैग से गर्भपात की दवाएं बरामद हुई हैं। आशंका जताई जा रही है कि दवा खाने के बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने से उसकी जान गई। पुलिस ने उसके साथ पढ़ने वाले जौनपुर के एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

कौन थी छात्रा

मृतका मूल रूप से बलिया की रहने वाली थी और उसके पिता चंदौली में सिपाही के पद पर तैनात हैं। दो भाइयों और एक बहन में वह दूसरे नंबर पर थी। वह शिव सर्जिकल नर्सिंग होम नर्सिंग कॉलेज में जेएनएम द्वितीय वर्ष की छात्रा थी।

लंच का बहाना बनाकर निकली थी घर से

पुलिस के मुताबिक इस समय नर्सिंग कॉलेज बंद है। इसके बावजूद बुधवार को छात्रा अपनी मां से दो लोगों का लंच बनवाकर, कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी। टिफिन लेकर वह सारनाथ स्थित एक पांच मंजिला अपार्टमेंट पहुंची, जहां बॉयज हॉस्टल था। वह यहां अपने साथ पढ़ने वाले युवक दोस्त से मिलने आई थी।

शॉर्ट सर्किट के बाद सीढ़ियों पर मिली

स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह करीब 11.30 बजे अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण बिजली गुल हो गई थी। इसके बाद एक इलेक्ट्रीशियन खराबी ठीक करने पहुंचा। जब वह लौट रहा था, तभी उसे छात्रा सीढ़ी पर मिली, जिसके प्राइवेट पार्ट से रक्तस्राव हो रहा था। लहूलुहान हालत में उसे तत्काल पास के शिव सर्जिकल नर्सिंग होम ले जाया गया।

सीपीआर के बावजूद नहीं बची जान

डॉक्टरों ने छात्रा को सीपीआर देकर बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया और परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही छात्रा की मां रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचीं और शव से लिपटकर बिलख पड़ीं।

हॉस्टल के गार्ड के अनुसार छात्रा करीब दो घंटे तक एक कमरे में बंद रही। वह अपने साथ दो लोगों का खाना लेकर गई थी, लेकिन लौटते समय टिफिन पूरी तरह भरा हुआ था यानी खाना नहीं खाया गया था।

दो डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम

सारनाथ थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए दो डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया है और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई है। पुलिस छात्रा के मोबाइल की तलाश के साथ-साथ उसकी कॉल डिटेल और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। फिलहाल छात्रा की मौत को लेकर कई सवाल खड़े हैं, जिनके जवाब जांच पूरी होने के बाद ही मिल पाएंगे।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!