वाराणसी: गंगा के रेत के टीलों पर बाइक स्टंट का जानलेवा खेल, युवाओं की मस्ती बनी खतरे की वजह, प्रशासन बेखबर उत्तर प्रदेश 3 महीने पहले 46
वाराणसी में गर्मी के कारण गंगा में उभरे रेत के टीलों पर युवा जान जोखिम में डालकर बाइक से खतरनाक स्टंट कर रहे हैं। बीते करीब पांच दिनों से रोज शाम यह नजारा दिख रहा है, लेकिन पुलिस-प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हो रही।

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में इन दिनों भीषण गर्मी के बीच गंगा में कई जगह रेत के टीले उभर आए हैं। नदी के बीचोबीच निकले इन्हीं रेत के टीलों पर अब मौत का खतरनाक खेल देखने को मिल रहा है। कई युवा अपनी जान की परवाह किए बिना इन टीलों पर बाइक दौड़ा रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि एक टीले से दूसरे टीले तक पहुंचने के लिए ये स्टंटबाज जान को जोखिम में डालकर गंगा के पानी में भी बाइक चला रहे हैं।

इस खतरनाक करतब का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा है। मंगलवार की शाम एक-दो नहीं, बल्कि दर्जनों बाइक बीच गंगा में आती-जाती दिखाई दीं। इसके साथ ही दर्जनों लोग भी वहां घूमते नजर आए। शाम 5 बजे से लेकर करीब डेढ़ घंटे तक यह दृश्य रामनगर किले के सामने गंगा के बीच उभरे रेत के टीले पर देखा गया। अंधेरा होते ही ये स्टंटबाज बाइकर्स वापस लौट गए।

पांच दिनों से रोज शाम का सिलसिला

स्थानीय जानकारी के मुताबिक बीते करीब पांच दिनों से हर शाम सामनेघाट इलाके में ऐसा ही नजारा देखने को मिल रहा है। इसके बावजूद पुलिस की ओर से इस पर किसी तरह की कार्रवाई होती नहीं दिख रही है।

जान जोखिम में, लोग हैरान

गंगा के बीच रेत के टीले पर दौड़ती गाड़ियों को देखकर आसपास के लोग भी हैरान दिखे। स्थानीय निवासियों का मानना है कि गंगा में इस तरह का स्टंट बेहद खतरनाक है और इससे कभी भी कोई हादसा हो सकता है।

स्थानीय निवासी अभिषेक ने बताया कि लोग सिर्फ मौज-मस्ती के लिए अपनी जान को जोखिम में डालकर गंगा के पानी में बाइक दौड़ा रहे हैं। उनका कहना था कि लोगों को खुद भी इसके प्रति जागरूक होना चाहिए। साथ ही प्रशासन को भी ऐसे लापरवाह लोगों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि कोई इस तरह के खतरनाक स्टंट करने की हिम्मत न करे।

आधा किलोमीटर लंबा रेत का टीला

गर्मी के मौसम में गंगा के जलस्तर में कमी आने के कारण सामनेघाट इलाके में नदी के बीच रेत के टीले उभर आते हैं। फिलहाल जून के महीने में रामनगर किले के सामने करीब आधा किलोमीटर लंबा रेत का टीला नजर आ रहा है।

चेतन तिवारी पाबना के उत्तर प्रदेश संवाददाता हैं और राज्य की राजनीति, प्रशासन तथा जमीनी मुद्दों को कवर करते हैं। लखनऊ में रहते हुए वे जिलों से लेकर विधानसभा तक की खबरें संतुलित रिपोर्टिंग के साथ पाठकों तक पहुंचाते हैं। आम लोगों के मुद्दों और स्थानीय घटनाओं पर उनका खास फोकस रहता है।

आपकी प्रतिक्रिया?

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!

फेसबुक वार्तालाप