शिक्षा
एक घंटा पहले
3
विचारों
नई दिल्ली: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सोमवार को सिविल सेवा प्रारंभिक (Prelims) परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया। इस बार कुल 13,343 उम्मीदवार मुख्य परीक्षा में बैठने के लिए सफल घोषित किए गए हैं। यह प्रारंभिक परीक्षा 24 मई को आयोजित की गई थी।
आयोग की ओर से जारी बयान में बताया गया कि सिविल सर्विस परीक्षा, 2026 के लिए अधिसूचित 1,016 वैकेंसी के सापेक्ष सिविल सर्विस (मेन) परीक्षा, 2026 हेतु कुल 13,343 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया गया है।
इसकी तुलना में बीते वर्ष यानी 2025 में 1,087 रिक्तियों के मुकाबले कुल 14,161 उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए चुना गया था।
उल्लेखनीय है कि यह परीक्षा हर साल तीन चरणों—प्रारंभिक (Prelims), मुख्य (Mains) और इंटरव्यू/पर्सनैलिटी टेस्ट—में होती है। इसके माध्यम से भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय विदेश सेवा (IFS) और भारतीय पुलिस सेवा (IPS) सहित विभिन्न केंद्रीय सेवाओं के अधिकारियों का चयन किया जाता है।
मुख्य परीक्षा के लिए जरूरी निर्देश
परीक्षा नियमों के अनुसार, सफल उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा हेतु अपनी जानकारी अपडेट करने और ₹200 शुल्क जमा करने के लिए एक विंडो उपलब्ध कराई जाएगी। महिला, PwBD, SC तथा ST वर्ग के अभ्यर्थियों को इस शुल्क से छूट दी गई है।
आयोग ने स्पष्ट किया कि स्क्राइब से जुड़ी जानकारी, सहायक उपकरण और बड़े फॉन्ट वाले प्रश्न पत्र की मांग (यदि लागू हो) जैसी सूचनाएं भी देनी या अपडेट करनी होंगी।
- सिविल सेवा (मुख्य) परीक्षा, 2026 के लिए कैडर वरीयता भरनी होगी।
- यह विंडो आयोग की वेबसाइट पर 19 जून से 28 जून तक खुली रहेगी।
लॉग-इन और फाइनल सबमिशन अनिवार्य
आयोग ने साफ किया है कि सिविल सेवा परीक्षा नियमावली 2026 के तहत मुख्य परीक्षा के लिए सफल सभी अभ्यर्थियों को इस अवधि में आधिकारिक पोर्टल पर लॉग-इन करना अनिवार्य होगा। उम्मीदवारों को अपने विवरण की पुष्टि या अपडेट कर आवेदन फॉर्म अंतिम रूप से सबमिट करना होगा, ताकि आयोग उनका ई-एडमिट कार्ड (e-Admit Card) जारी कर सके। ऐसा न करने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा के अगले चरणों में शामिल होने की अनुमति नहीं मिलेगी।
जिन उम्मीदवारों ने पहले ही सभी आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर दिए हैं और जिनके पास अपडेट करने के लिए कोई नई जानकारी नहीं है, उन्हें भी पोर्टल पर लॉग-इन कर विवरण सत्यापित करने के बाद 'फाइनल सबमिट' करना अनिवार्य होगा।
कट-ऑफ और आंसर-की कब आएगी?
आयोग के अनुसार, सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 के प्राप्तांक (Marks), कट-ऑफ अंक (Cut-off Marks) और उत्तर कुंजी (Answer Keys) फिलहाल जारी नहीं किए जाएंगे। इन्हें सिविल सेवा परीक्षा 2026 तथा भारतीय वन सेवा (IFoS) परीक्षा 2026 की पूरी प्रक्रिया समाप्त होने यानी अंतिम परिणाम घोषित होने के बाद ही आयोग की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा।
बयान में यह भी कहा गया है कि परीक्षा से जुड़ी किसी समस्या या स्पष्टीकरण के लिए उम्मीदवार आयोग के कॉल सेंटर के टेलीफोन नंबर 011-40303444/24041001 पर सुबह 9 बजे से रात 8 बजे के बीच संपर्क कर सकते हैं।
Comments
0 comment