जीवनशैली
एक घंटा पहले
2
विचारों
शहर की भागदौड़ और शोर-शराबे से दूर अगर आप कुछ शांत और सुकून भरे पल बिताना चाहते हैं, तो बोकारो का जगन्नाथ सरोवर इसके लिए बेहतरीन जगह साबित हो सकता है। हरियाली, ऊंचे नारियल के पेड़, ठहरा हुआ शांत पानी और उसमें तैरती रंग-बिरंगी मछलियों से सजा यह सरोवर प्रकृति प्रेमियों को सहज ही अपनी ओर खींच लेता है। जगन्नाथ मंदिर के ठीक सामने बसा यह स्थल अब सुबह-शाम की सैर, परिवार के साथ वक्त बिताने, फोटोग्राफी और मन को तरोताजा करने के लिए लोगों की पसंदीदा जगह बन चुका है।
स्टील सिटी का खूबसूरत पर्यटन स्थल
बोकारो जिला स्टील उद्योग के साथ-साथ अपने मनोरम पर्यटन स्थलों के लिए भी पहचाना जाता है। इन्हीं खास जगहों में एक है सेक्टर-4 में स्थित जगन्नाथ सरोवर, जहां शांति, सुकून और सुंदरता का अनूठा मेल देखने को मिलता है। मंदिर के सामने मौजूद यह सरोवर अपनी मनमोहक छटा और शांत माहौल की वजह से हर उम्र के लोगों को भाता है। इसके चारों ओर फैली हरियाली, ऊंचे नारियल के पेड़ और पानी में तैरती रंगीन मछलियां इसकी सुंदरता में चार चांद लगा देती हैं।
साल 2003 में हुआ था उद्घाटन
जगन्नाथ सरोवर का उद्घाटन साल 2003 में हुआ था। तब से लेकर अब तक यह बोकारो के प्रमुख आकर्षण केंद्रों में शुमार है और यहां रोजाना सुबह तथा शाम के समय अच्छी-खासी भीड़ जुटती है। कोई मॉर्निंग वॉक के बाद यहां बैठकर प्रकृति का आनंद लेता है, तो कोई दिनभर की थकान मिटाता है। सरोवर के चारों ओर बैठने के लिए सीढ़ीनुमा व्यवस्था की गई है, जिससे लोग आराम से बैठकर इसके मनोरम नजारे का लुत्फ उठा सकते हैं।
शूटिंग के लिए भी मशहूर
यह सरोवर कई लोकप्रिय खोरठा वीडियो एल्बमों की शूटिंग का गवाह रह चुका है। खासकर चर्चित खोरठा गीत ‘ए मोर सोना मोना’ समेत कई वीडियो इसी खूबसूरत लोकेशन पर फिल्माए गए हैं, जिसके चलते यह जगह कलाकारों और युवाओं के बीच भी काफी लोकप्रिय है। यहां आने वाले लोग अक्सर रंगीन मछलियों को दाना खिलाते नजर आते हैं। इसके अलावा फोटोग्राफी, सेल्फी और परिवार के साथ समय बिताने के लिहाज से भी यह स्थान लोगों की पहली पसंद बना हुआ है।
पर्यटकों की राय
सरोवर घूमने आए पर्यटक शुभम ने बताया कि जगन्नाथ सरोवर जिले का सबसे शांत स्थल है, जहां भीड़भाड़ से दूर लोग सुकून के पल बिता सकते हैं। उनके मुताबिक गर्मियों की शाम में आउटिंग का प्लान बना रहे लोगों के लिए यह उपयुक्त जगह है। परिवार हो या दोस्त, पिकनिक मनाना हो या मन बहलाना—यह जगह हर लिहाज से परफेक्ट है। छुट्टियों के दौरान यहां भीड़ कुछ और बढ़ जाती है।
Comments
0 comment